बरेली: सी ग्रेड के चालक को दी बीएस-6 बस, हादसे में क्षतिग्रस्त
बरेली, अमृत विचार। मुख्यालय की तरफ से बरेली रीजन को दी गई बीएस 6 बसों का नियम ताक पर रखकर आवंटन किया। जिसका खामियाजा शनिवार को भुगतना पड़ा। बदायूं में हादसे में नई बीएस-6 बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
मुख्यालय की तरफ से पिछले दिनों बरेली रीजन को बीएस-6 बसें दी गई थीं। जिसमें कर्मचारी नेताओं ने अधिकारियों पर आरोप लगाए थे कि 25-25 हजार रुपये लेकर बसें बदायूं और पीलीभीत डिपो को दी गई हैं, जबकि रीजन के बड़े डिपो बरेली और रुहेलखंड डिपो को एक भी बस नहीं दी गई।
बीएस 6 बस के आवंटन का नियम है कि जिस चालक को बस दी जा रही है वह बीएस-6 बस चलाने की ट्रेनिंग करने के साथ ही ए ग्रेड का चालक हो, लेकिन बदायूं में सी ग्रेड को चालक को ही बीएस-6 बसों का आवंटन कर दिया गया। शनिवार को कोतवाली उझानी क्षेत्र में रोडवेज बस और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। जिसमें दोनों के चालक घायल हो गए। वहीं रोडवेज बस में फंसे चालक को सीट काटकर निकालना पड़ा। रोडवेज बस में बैठे यात्रियों को दूसरी बस से भिजवाया गया।
