गदरपुर: बिना पंजीकरण और चिकित्सक के चल रहे अस्पताल को किया सील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गदरपुर, अमृत विचार। चिकित्सक और पंजीकरण के बिना चल रहे निजी अस्पताल पर अपर जिलाधिकारी एवं तहसीलदार और पुलिस टीम ने छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान पंजीकरण नहीं पाए जाने पर स्वास्थ्य और राजस्व विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया।

रविवार को अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह और तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम काशीपुर रुद्रपुर रोड स्थित इतवार बाजार के सामने बेबी हॉस्पिटल पहुंची। टीम के पहुंचने पर अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया। अपर जिला अधिकारी जय भारत सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल बिना पंजीकरण के चलता पाया गया।

इसके अलावा अस्पताल में मेडिकल स्टोर भी पाया गया। अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह ने अस्पताल के स्वामी शमीम अहमद से जब हॉस्पिटल के और मेडिकल स्टोर के कागज मांगे तो वह नहीं दिखा पाया। हॉस्पिटल स्वामी शमीम अहमद ने बताया कि उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में हॉस्पिटल के पंजीकरण के लिए आवेदन किया गया है। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि अस्पताल में मरीजों को दाखिल किया जा रहा है। डॉ. विवेक ने बिना पंजीकरण के अस्पताल के संचालन को नियम विरुद्ध मानते हुए सील करने की संस्तुति की।

अपर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की टीम को अस्पताल को सील करने के निर्देश दिए। तहसीलदार देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि जांच के दौरान एक मरीज को भर्ती भी पाया गया। तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट और डॉ. विवेक के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। टीम में कानूनगो लक्ष्मण राम कंबोज, उप निरीक्षक कुसुम रावत, ललिता प्रसाद, दीपक शर्मा आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार