संभल: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
संभल/सौंधन, अमृत विचार। कैला देवी थाना क्षेत्र में संभल-गवां मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शव जिला अस्पताल लाए गए तो यहां परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मौके पर पुलिस ग्रामीणों को समझाने में जुटी रही।
कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव नारंगपुर निवासी सगे भाई हरकेश (35 ), भूरे (30 ) और तहेरा भाई कालीचरन (38 ) पुत्र अनोखी रविवार को बाइक पर सवार होकर जुनावई क्षेत्र के गांव खिरकवारी पहुंचे। वहां से हरकेश और भूरे के बीमार पिता भोजराज को देखकर तीनों बाइक से लौट रहे थे और पीछे गांव नारंगपुर के दीपक और ओमपाल दूसरी बाइक पर सवार थे।
शाम करीब छह बजे हरकेश की बाइक गांव रझेड़ा सलेमपुर और शकरपुर के बीच पहुंची तो संभल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हरकेश, भूरे और कालीचरन की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे हरकेश के सिर पर लगा हेलमेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ट्रक को लेकर गवां की तरफ फरार हो गया।
थाना कैला देवी, हयातनगर और संभल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, हुगामें जैसी स्थित बन गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया । अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। रात में ही पोस्टमार्टम कराये जाने व ट्रक चालक पर कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
ये भी पढे़ं- संभल: परिजनों ने प्रेमी संग देखा तो युवती ने खाया जहरीला पदार्थ, हालत गंभीर
