संभल: नवजात की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने मौके पर पहुंच की जानकारी, कोतवाली में दी तहरीर, अस्पताल कर्मचारियों पर लगाया लापरवाही व पैसे मांगने का आरोप

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। सीएचसी में रविवार की सुबह 11 बजे महिला ने नवजात शिशु को जन्म दिया। तबियत ठीक नहीं होने पर परिजनों ने शिशु को उपचार के लिए बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सोमवार को शिशु की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही व पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी पहुंच गए और जानकारी की। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है। 

कोतवाली क्षेत्र के गांव अकबरपुर चितौरी निवासी संदीप पुत्र विट्टन सिंह ने रविवार की सुबह 11 बजे अपनी पत्नी बेबी को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां महिला ने नवजात शिशु को जन्म दिया। शाम छह बजे सीएचसी के स्टाफ ने बच्चों को निजी चिकित्सक को दिखाने की बात कही। इसके बाद गांव की आशा परिजनों के साथ पुराना बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल पहुंची और शिशु को भर्ती कराया। यहां शिशु के पिता से आठ हजार रुपये जमा कराए लिए और शिशु का उपचार शुरू कर दिया।

आरोप है कि सोमवार की सुबह चार बजे अस्पताल स्टाफ ने चिकित्सक के कहने पर पिता से 20 हजार रुपये जमा कराने की मांग की। नहीं देने पर शिशु के लग रही ऑक्सीजन हटा दी और बच्चा उन्हें सौंप दिया। कुछ देर बाद शिशु की मौत हो गई।  जानकारी होने पर परिचित व रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख चिकित्सक व स्टाफ फरार हो गया। मौके पर पहुंचे परिचितों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सोमवार की दोपहर 12 बजे सूचना मिलने पर पुलिस व नोडल अधिकारी डॉ. विश्वास अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए। चिकित्सक से संपर्क किया। साथ ही अस्पताल से संबंधित कागजात मंगाए गए। पीड़ित पिता ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।

सूचना मिलने पर मैंने खुद मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली है। नवजात शिशु का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। 

ये भी पढ़ें:- संभल: घरेलू विवाद में अधेड़ ने फंदे से लटककर दी जान, शराब पीने को लेकर परिजनों से होता रहता था झगड़ा

संबंधित समाचार