हल्द्वानी: एसटीएच की केंद्रीय लैब में जांचें बढ़ाने की तैयारी
हल्द्वानी, अमृत विचार। सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में आने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है। अस्पताल की केंद्रीय लैब में जांचों को बढ़ाने की तैयारी चल रही है। संभावना है कि नए साल से मरीजों को नई जांचों का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
एसटीएच कुमाऊं का सबसे बड़ा एकमात्र सरकारी अस्पताल है, जिसमें रोजाना 1500 से अधिक मरीजों की ओपीडी होती है। यहां इलाज के लिए कुमाऊं के अलावा उत्तर प्रदेश तक बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। ओपीडी में परामर्श के बाद डॉक्टर कई मरीजों को विभिन्न प्रकार की जांच की सलाह देते हैं।
वर्तमान में अस्पताल में करीब 75 से अधिक जांचें होती हैं, लेकिन विटामिन, हर्मोन, आयरन प्रोफाइल, कैंसर मार्कर, एलर्जी और बोन मार्कर आदि की जांचें नहीं हो पाती हैं। इन जांचों को कराने के लिए मरीजों को बाहर भारी दाम चुकान पड़ते हैं। शासन ने कुछ समय पहले अस्पताल की केंद्रीय लैब को निजी कंपनी हाथों में दे दिया है। चर्चा है कि कंपनी लैब की जांचों में बढ़ोत्तर करने जा रही है, इसके लिए काम भी शुरू हो गया है। संभावना है कि नए साल से अस्पताल में नई जांचों का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
केंद्रीय लैब में जांच बढ़ाने की तैयारी है। इसके लिए निजी कंपनी की पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और बायोकैमेस्ट्री विभाग के बीच बैठक हो चुकी है। बैठक में नई जांचों को शुरू कराने पर सहमति बनी है। जल्द इसका लाभ मरीजों को मिलने लगेगा।
- डॉ. अरुण जोशी, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी
