लखनऊ: सरोसा फतेहगंज के एसडीओ निलंबित, ऊर्जा मंत्री की नाराजगी के बाद हुई कार्रवाई
लापवाही, नियमों की अनदेखी के साथ ही अन्य गम्भीर प्रकरण में दोषी होने का आरोप
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की नाराजगी के बाद सरोसा फतेहगंज, विद्युत वितरण खंड के एसडीओ अमन तिवारी को निलंबित किया गया। अमन तिवारी को कार्यों में लापवाही बरतने, नियमों की अनदेखी करने व गम्भीर प्रकरण में प्रथम दृटया दोषी पाये गए हैं।
प्रबन्ध निदेशक मध्यांचल भवानी सिंह खंगारौत ने एसडीओ अमन तिवारी का निलम्बन कर मुख्य अभियन्ता (वितरण) कार्यालय, लेसासिस गोमती, बंग्ला बाजार से संम्बद्ध कर दिया है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा आवास पर जनता की समस्याओं को सुनने और उसका निदान करने के लिए सप्ताह में दो दिन सोमवार और वृहस्पतिवार को जनसुनवाई करते हैं।
इस जनसुनवाई में 4 दिसंबर को पत्र के माध्यम से सरोसा टिकरा, भरोसा निवासी शिकायतकर्ता श्याम बाबू गुप्ता ने जानकारी दी कि उन्होंने विद्युत संयोजन लेने के लिए आवेदन किया था। आवेदन पर एसडीओ अमन तिवारी ने स्थलीय निरीक्षण किया। फिर बताया कि संयोजन के लिए अलग से ट्रांसफार्मर लगेगा और लाइन भी बनानी पड़ेगी।
साथ ही यह भी शिकायत की गई थी कि उसके निवास के पास वहां पर स्थापित ट्रांसफार्मर से तीन अन्य उपभोक्ताओं को विभाग की मिलीभगत से चोरी से कनेक्शन देकर वहां पर विद्युत चोरी कराई जा रही है। इस शिकायत की जांच की गई जिसमें बिजली चोरी का प्रकरण सही पाया गया। ट्रांसफार्मर से तीन अन्य लोगों को विभाग के 40 मीटर के दायरे को दरकिनार कर 100 से 150 मीटर दूरी तक केबल खींचकर बिजली दी गई थी।
ऊर्जा मंत्री ने इस गम्भीर प्रकरण में सख्त नाराजगी व्यक्त की और संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश प्रबंध निदेशक मध्यांचल को दिए थे। ऊर्जा मंत्री ने विद्युत अधिकारियों को निर्देश दिये कि उपभोक्ताओं का किसी भी रूप में उत्पीड़न और साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
यह भी पढ़ें:-15 साल पुरानी प्रेम कहानी का हुआ दर्दनाक अंत, सर्जिकल ब्लेड से गोदकर पत्नि को उतारा मौत के घाट
