सितारगंज: जायडस सितारगंज कारखाने की अवैध बंदी खत्म करने की मांग
सितारगंज, अमृत विचार। जायडस सितारगंज कारखाने की अवैध बंदी खत्म करने व मजदूरों का वेतन भुगतान कराने की मांग उठाई गई।
बुधवार को जायडस कारखाने के मजदूरों ने एसडीएम कार्यलय के बाहर मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। कहा कि 30 नवंबर 2022 के आदेश में उत्तराखंड शासन द्वारा उक्त कारखाने में 17 जून 2022 से की गई बंदी को अवैधानिक घोषित किया गया है। बंदी प्रभावित श्रमिकों जिन्हें अभी तक अपना हिसाब नहीं दिया गया है उन्हें वेतन भुगतान किया जाना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि कारखाने को चालू कराया जाए ताकि रोजगार की बहाली हो सके। इस दौरान एक्टू प्रदेश महामंत्री केके बोरा, सीटू जिला मंत्री जगदेव सिंह, सीपीएम जिला सचिव राजेन्द्र सिंह, मजदूर नेता अनिता अन्ना, नरेंद्र सिंह ,सूरज सिंह भण्डारी, अनिता देवी, उषा देवी, रेशमा , नारायण आदि थे। सभा की समाप्ति पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया गया।
