आगरा: छात्रा आत्महत्या मामले में पुलिस के हाथ लगी एक ऑडियो क्लिप, एक गिरफ्तार
आगरा। आगरा के रकाबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा द्वारा शोहदों की कथित छेड़खानी से तंग आकर आत्महत्या किए जाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही पुलिस के हाथ ऑडियो क्लिप भी लगी है जिसमें उदय और आशु कथित तौर पर छात्रा को सबक सिखाने की बात कर रहे हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कथित छेड़खानी से तंग आकर युवती ने 14 नवंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी और 27 नवंबर को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि फरार चल रहे दो अन्य को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के भाई ने रवि चाहर, आशु व उदय ठाकुर को नामजद किया था। उन्होंने बताया कि चाहर ने पीड़िता को विवाह करने का प्रस्ताव दिया था जिसे उसने ठुकरा दिया था जिसके बाद से तीनों उसे परेशान कर रहे थे।
एसीपी सदर अर्चना सिंह ने बताया कि पुलिस ने मोहनपुरा, ईदगाह निवासी उदय ठाकुर को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को जांच के दौरान एक ऑडियो क्लिप मिला है जिसमें उदय और आशु कथित तौर पर छात्रा को सबक सिखाने की बात कर रहे हैं। सिंह ने बताया कि ऑडियो टेप की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-15 साल पुरानी प्रेम कहानी का हुआ दर्दनाक अंत, सर्जिकल ब्लेड से गोदकर पत्नि को उतारा मौत के घाट
