हल्द्वानी: नाक के नीचे चलती रही आरी और भनक तक नहीं लगी
हल्द्वानी, अमृत विचार। भाखड़ा रेंज से सागौन के 10 पेड़ काट लिए गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। ऐसा नहीं था कि पेड़ काटने के बाद तस्कर उसे हवा में उड़ा कर ले गए। पेड़ों को जंगल के रास्ते सड़क तक लाया गया और फिर सड़क के रास्ते ही पेड़ बरेली पहुंचा दिए गए। बावजूद इसके किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब संभावना जताई जा रही है कि बिना वन कर्मियों की संलिप्ता के इतनी बड़ी घटना नहीं हो सकती।
बता दें कुछ दिन पहले तराई पूर्वी के भाखड़ा रेंज में 10 पेड़ काट दिए गए थे। जांच हुई तो पता चला कि रामपुर रोड पर स्थित भाखड़ा रेंज वपन चौकी से करीब एक किमी अंदर पेड़ा का कटान किया गया। कटान करने से पहले तस्करों ने जंगल में पेड़ों को बचाने के लिए लोहे के तार काट दिए थे।
बड़ी बात यह है कि जहां पेड़ों का कटान हुआ, वहां से भाखड़ा रेंज की वन चौकी महज आधा किमी दूर है। तस्करों ने आराम से पेड़ों का कटान किया है और निकल गए। मामले में सीडीओ शशि देव का कहना है कि इस घटना में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा, फिर वह व्यक्ति विभाग का ही क्यों न हो। फिलहाल, मामले से जुड़े दो आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
