सितारगंज: जायडस कंपनी के श्रमिकों ने किया प्रदर्शन
सितारगंज, अमृत विचार। जायडस कंपनी में कार्य कर चुके श्रमिकों ने कंपनी को पुन: चलाने व बंदी के दौरान का वेतन भुगतान करने की मांग को लेकर मंडी परिसर में बैठक कर आंदोलन तेज करने की रणनीति तय की।
सोमवार सीटू जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह के नेतृत्व में श्रमिकों ने विरोध-प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि जायडस कंपनी की बंदी को सरकार ने अवैधानिक घोषित कर दिया। अवैध बंदी से प्रभावित समस्त श्रमिकों को वेतन भुगतान किया जाना चाहिए था। जबकि श्रमिकों ने समय पर वेतन भुगतान अधिनियम के तहत आवेदन भी किया गया था।
उन्होंने आवेदन के अनुसार भुगतान करने की मांग की। श्रमिकों ने कहा कि अवैध बंदी से उनका परिवार भुखमरी के कगार पर है। उन्हें कहीं रोजगार भी नहीं मिला है। उन्होंने कारखाने को चालू कराने की मांग की। कहा कि प्रबंधन प्राभावित श्रमिकों को भुगतान किए बिना मशीनों को खुर्द बुर्द कर रहा है। उन्होंने खुर्द-बुर्द करने से रोकने की मांग की। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि मजबूरन अफसरों व जनप्रतिनिधियों के आवासों में भी धरना-प्रदर्शन करेंगे। यहां हुई बैठक में आंदोलन तेज करने की रणनीति तय की गयी। यहां नरेंद्र सिंह, अनीता अन्ना, सूरज सिंह भण्डारी, अनिता देवी, उषा देवी, रेशमा, नारायण, रामअवतार, सोनू मौजूद रहे।
