बरेली: दिल्ली से खुदागंज जाने वाली रोडवेज बस का संचालन बंद

बरेली तक ही जा रहीं बसें, यात्री परेशान

बरेली: दिल्ली से खुदागंज जाने वाली रोडवेज बस का संचालन बंद

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली से खुदागंज जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन अचानक से बंद कर दिया गया है। अब बसें सिर्फ बरेली तक ही चल रही हैं। इसकी वजह से यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। यात्रियों ने बरेली रीजन के आरएम से मामले की शिकायत करते हुए दोबारा से बसों के संचालन की मांग की है। आरएम दीपक चौधरी ने रुहेलखंड और बदायूं डिपो के एआरएम को मामले की जांच के आदेश देकर यात्रियों की समस्या का समाधान कराने को कहा है। रुहेलखंड और बदायूं डिपो की बसों का संचालन भी दिल्ली से खुदागंज तक के लिए होता है। बसें नहीं चलने से सबसे ज्यादा दिक्कत रात में यात्रियों को होती है। सेटेलाइट बस अड्डे पर डग्गामार वाहन यात्रियों से अधिक रुपये खुदागंज तक के वसूलते रहते हैं।

दिल्ली का सफर होगा आसान, मिलेंगी 30 नई बसें
दिल्ली में प्रदूषण की वजह से पुरानी बसों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। जिससे बसों का संचालन कौशांबी बस अड्डे तक ही किया जा रहा है। जिससे यात्रियों को दिक्कत हो रही है। अब बरेली रीजन को फिर से एक बार 30 नई बीएस-6 माडल बसें मिलेंगी। बरेली रीजन के सेवा प्रबंधक धनजी राम ने बताया कि 30 बसें मिलेंगी, जिसमें बरेली डिपो को 10, रुहेलखंड डिपो को 10 और बदायूं और पीलीभीत डिपो को 5-5 नई बसें मिलेंगी। 10 बसों को लेने के लिए चालक रवाना हो गए हैं। उम्मीद है कि मंगलवार तक बसें शहर पहुंच जाएंगी। सभी नई बीएस 6 बसों को दिल्ली रूट पर चलाने की बात अधिकारी कह रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: सड़कों के ठेके के लिए दस गुना बिड कैपिसिटी के मामले में एक्सईएन तलब