रुद्रपुर: फ्रांसीसी दल ने ली बायोटेक्नोलॉजी शोध कार्यों की जानकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर/पंतनगर, अमृत विचार। कृषि एवं खाद्य संबंधित क्षेत्रों में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फ्रांस के 16 सदस्यीय दल ने उत्तराखंड जैव प्रौद्योगिकी परिषद हल्दी पंतनगर पहुंच कर वहां पर हो रहे शोध एवं विकास गतिविधियों को जाना। इस दौरान निदेशक डॉ. संजय कुमार ने दल के सभी सदस्यों को परिषद में स्थापित आधुनिक प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया और हाइड्रोपॉनिक एवं पादप ऊतक संवर्धन विधि से उत्पादित किये जा रहे टमाटर, पालक, लेटस एवं कीवी फल की जानकारी दी गयी।

मंगलवार को फ्रांसीसी दल को निदेशक डॉ. संजय कुमार ने परिषद की ओर से निर्माण की गयी बीज कंडल बनाने की विधि और उनको बनाने के उद्देश्यों से अवगत कराया। आण्विक जीव विज्ञान प्रयोगशाला में फ्रांसीसी दल को आक्रामक उपजाति वाले पादपों जैसे पार्थेनियम (गाजर घास) व एजरेटम से बनाये जा रहे नैनोपार्टिकल एवं हर्बल उत्पाद बनाने की जानकारी दी गयी। उनको उत्तराखंड में पाए जाने वाले बदरी गाय के दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए किये जा रहे शोध प्रयासों से भी अवगत कराया गया।

पर्यावरणीय प्रयोगशाला में पेयजल एवं कृषिकरण योग्य मिट्टी की गुणवत्ता निर्धारण के तौर तरीकों की जानकारी दी गयी। पंतनगर विवि के अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. एचजे शिव प्रसाद ने भ्रमण का समन्वय किया। इस अवसर पर परिषद के वैज्ञानिक डॉ. मणिंद्र मोहन, डॉ. सुमित पुरोहित, डॉ. ज्योति प्रसाद, सचिन शर्मा, अनुज जॉन, जीतेंद्र सिंह बोहरा, सुरभि चंद, अनुपम आजाद, मेधा सिंह, चांदनी जोशी, सोनाली सहित शोधार्थी व स्टाफ उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार