रुद्रपुर: नकली शराब प्रकरण में फरार चल रहे विकास की तलाश तेज
रुद्रपुर, अमृत विचार। नकली शराब का धंधा करने के फरार शराब माफिया पर जिला आबकारी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। साथ ही अदालत में याचिका डालकर माफिया का गिरफ्तारी वारंट यानी एनबीडब्लू जारी करवा लिया है। फरार आरोपी पर भुरारानी इलाके में नकली देशी शराब बनाने का आरोप था और आबकारी की टीम ने भारी मात्रा में नकली शराब, केमिकल और उपकरणों को बरामद किया था। तभी से आरोपी फरार चल रहा है।
बताते चलें कि 22 नवंबर को जिला आबकारी अधिकारी अशोक मिश्रा के आदेश पर आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट ने अपनी टीम के साथ भुरारानी इलाके में स्थित एक किराए के मकान में दबिश दी थी। जहां से टीम ने 1632 पब्बे नकली देशी शराब, 80 लीटर स्प्रिट, 40 लीटर इसेंस, 120 लीटर देशी शराब और भारी मात्रा में स्टीकर के अलावा उपकरण भी बरामद किए थे। मगर दबिश के दौरान नकली देशी शराब बनाने का मुख्य आरोपी एवं संचालक आजाद नगर डौली रेंज लालकुआं निवासी विकास मंडल आबकारी की गिरफ्त में नहीं आया था। जिसको लेकर आबकारी विभाग की टीम ने कई संभावित स्थानों पर दबिश दी।
मगर शराब माफिया का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद आबकारी विभाग ने अदालत में याचिका डालकर फरार चल रहे शराब सरगना के खिलाफ एनबीडब्ल्यू का वारंट तामील कर लिया है। जिला आबकारी अधिकारी अशोक मिश्रा ने बताया कि 22 नवंबर को आबकारी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली देशी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। मगर दबिश की भनक लगते ही मुख्य आरोपी फरार हो गया था।
जिसकी तलाश के लिए आबकारी की तीन टीमों को लगाया गया। बावजूद टीम ने अदालत से आरोपी का गिरफ्तारी वारंट तामील किया है। इसके बाद फरार आरोपी के आवास, रिश्तेदारों के यहां पर टीम बेधड़क होकर दबिश दे सकती है। कार्रवाई को बाधित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
