हल्द्वानी: रात में पत्नी से विवाद के बाद पति ने लगा ली फांसी
हल्द्वानी, अमृत विचार। रात पत्नी से विवाद के बाद पति ने पति ने फांसी लगा ली। आनन-फानन में युवक को सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
वार्ड चार रेलवे कॉलोनी हल्द्वानी निवासी विक्की मकवाना (22 वर्ष) की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी। शादी के बाद से विक्की पत्नी, छह माह के बेटे, भाई और भाभी के साथ मानपुर उत्तर टीपीनगर में परिवार के साथ रहने लगा था। टीपी नगर पुलिस के मुताबिक सोमवार की रात विक्की का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था।
झगड़े के बाद सभी लोग सोने चले गए। इसी बीच देर रात विक्की उठा पत्नी की चुनरी से फांसी लगा ली। तभी अचानक पत्नी भी उठ गई। आंखों के सामने पति को फंदे पर लटके फड़फड़ाते देखा तो उसकी चीख निकल पड़ी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में विक्की को फंदे से उतारा और सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने तक विक्की की सांस चल रही थी। जिसके बाद विक्की को इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। रात करीब 3 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
