हल्द्वानी: जंतवाल गांव में वन भूमि पर चीड़ के पेड़ काटकर बन रहा था होम स्टे, सील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भीमताल/हल्द्वानी, अमृत विचार। मंडलायुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को भीमताल के समीप जंतवाल गांव में तीन निर्माणाधीन भवनों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई अनियमिताएं मिलीं।

मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन भवन के समीप अवैध खनन पर दो बिल्डर्स और जेसीबी संचालक का चालान काटने के निर्देश दिए। साथ ही तहसीलदार व पटवारी को जांच के लिए कहा। उन्होंने निरीक्षण में पाया कि वन भूमि में बिना अनुमति के होम स्टे बनाया जा रहा था, साथ ही होम स्टे बनाने को चीड़ के करीब 6 पेड़ अवैध ढंग से काटे गए थे। इस पर मंडलायुक्त ने होम स्टे के निर्माण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन पर चालान, दो माह से निर्माणाधीन होम स्टे में बिजली चोरी पर एफआईआर करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार, वन व विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी इस मामले में जांच के लिए कहा। उन्होंने प्रशासन की हीलाहवाली वाली कार्यवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि तहसीलदार, पटवारी को समय-समय पर ग्रामीण इलाकों में निरीक्षण करना चाहिए। इस तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पुलिस को भी पर्वतीय इलाकों में जेसीबी के विवरण रखने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार संजय कुमार आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार