देहरादून: भालू की पित्त के साथ नेपाली तस्कर दबोचा
देहरादून, अमृत विचार। चमोली पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने भालू की 43 ग्राम पित्त (गॉलब्लैडर) बरामद करते हुए नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि नंदप्रयाग क्षेत्र में तस्कर वन्य जीव जंतुओं के दुर्लभ अंगों की तस्करी कर रहे हैं। इसके आधार पर संयुक्त टीम ने वन्य जीव तस्कर निवासी नेपाल वर्तमान पता पुरसाडी चमोली को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 43 ग्राम भालू की पित्त बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है।
वन विभाग के अनुसार, भालू वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत शेड्यूल वन में संरक्षित जीव है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली चमोली में वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम,1972 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
