काशीपुर: दिव्यांग किसान बोला - मेरे बेटे की मौत कोई दुर्घटना नहीं... उसकी हत्या हुई है...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। ग्राम कुंडा निवासी व्यक्ति ने एक महिला पर अपने बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। साथ ही महिला पर घटना को एक्सीडेंट में तब्दील करने का आरोप भी है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने महिला व उसके पुत्र-पुत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ग्राम कुंडा निवासी दर्शन सिंह ने कोर्ट में सौंपे अपने शिकायती पत्र में कहा कि वह एक दिव्यांग वृद्ध किसान है। उन्होंने आरोप लगाया कि 14 जून 2023 की रात्रि उनके 28 वर्षीय इकलौते पुत्र अवतार सिंह की बैलजुड़ी मोड़ पर कुछ लोगों द्वारा हत्या कर दी थी और उस हत्या को एक्सीडेंट दिखाया गया। पुत्र की मृत्यु से बेसुध उन्होंने थाना कुंडा में एक्सीडेंट की तहरीर पुलिस को सौंप दी थी। वही उसकी 27 जून 2023 को शादी भी होनी थी।

बाद में उन्हें पता चला कि उनके पुत्र के काशीपुर निवासी गीता नाम की महिला से संबंध है और वह उनके पुत्र की शादी का विरोध कर रही थी। जिसको लेकर उस महिला ने उनके पुत्र को शादी करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। जिसकी रिकार्डिग व चेटिंग उनके पुत्र के मोबाइल में है।

पीड़ित ने महिला व उसके पुत्र-पुत्री पर साजिश रच अपने पुत्र की हत्या का आरोप लगाया। साथ ही कार्रवाई की मांग की। मामले में पीड़ित ने पुलिस से भी शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने महिला व उसके पुत्र-पुत्री पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार