पाकिस्तान की साजिश को मिलकर विफल करेंगे सीआरपीएफ और पुलिस के जवान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बारामूला। जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल और पुलिस के जवान मिलकर काम करेंगे। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक ए. पी. महेश्वरी और जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने संयुक्त रूप से कहा है कि घाटी में शांति व्यवस्था को खराब करने के …

बारामूला। जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल और पुलिस के जवान मिलकर काम करेंगे। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक ए. पी. महेश्वरी और जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने संयुक्त रूप से कहा है कि घाटी में शांति व्यवस्था को खराब करने के लिए पाकिस्तान की ओर से बड़ी संख्या में आतंकवादी घुसपैठ करने की कोशिश में हैं, जिसे रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करनी चाहिए।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि ए. पी. महेश्वरी और दिलबाग सिंह ने गुरुवार को सोपोर और बारामूला का दौरा किया तथा सुरक्षा व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर चर्चा करने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक भी की। ए. पी महेश्वरी और दिलबाग सिंह ने बारामूला में सीआरपीएफ की 53वीं बटालियन के मुख्यालय में सीआरपीएफ के जवानों और पुलिस अधिकारियों के संयुक्त दरबार को संबोधित किया। दोनों शीर्ष अधिकारियों ने कोविड-19 के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की।

सीआरपीएफ और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में डीजीपी महेश्वरी और डीजीपी सिंह ने घाटी में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा सीआरपीएफ अधिकारियों के अलावा अन्य सुरक्षाकर्मियों की भूमिका की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों की ओर से किए जा रहे कार्यों को प्रत्येक मंच पर सराहा जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के लोगों के हितों की रक्षा के लिए सीआरपीएफ और पुलिस संयुक्त रूप से लगातार काम करती रहेंगी।

सीआरपीएफ और पुलिस प्रमुख को स्थानीय अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्हें किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए अलग-अलग मोर्चों पर सीआरपीएफ और पुलिस की ओर से उठाए जा रहे कदमों के बारे में भी जानकारी दी गयी।

संयुक्त दरबार को संबोधित करते हुए सीआरपीएफ महानिदेशक ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में जम्मू-कश्मीर पुलिस के अलावा अन्य केन्द्रीय पुलिस बलों की भूमिका काफी अहम और सराहनीय है। सीआरपीएफ के डीजीपी ने कहा कि घाटी में बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस काफी लंबे समय से एक साथ मिलकर काम कर रही हैं और आगे भी करती रहेंगी।

संयुक्त दरबार को संबोधित करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि पुलिस और सीआरपीएफ के अलावा अन्य सुरक्षाबलों के अधिकारियों एवं जवानों के बीच प्रत्येक स्तर पर शानदार सहयोग और समन्वय देखने को मिला है जिसने एक बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। डीजीपी सिंह ने घाटी में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और सीआरपीएफ के साझा प्रयासों की प्रशंसा भी की।

डीजीपी सिंह ने कहा कि पुलिस और सीआरपीएफ ने मिलकर साझा प्रयासों के तहत इस वर्ष बड़ी संख्या में आतंकवादियों की साजिशों को नाकाम करते हुए उनका सफाया किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सीआरपीएफ के बीच बेहतर तालमेल से न केवल आतंकवाद के खिलाफ अभियान चलाने में बल्कि कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रसार को रोकने में भी मदद मिली है।

संबंधित समाचार