जालौन: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंदा, मौत
कदौरा/जालौन, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में ग्राम चतेला के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मारकर कुचल दिया। इससे दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बसरेही निवासी राजेश 26 वर्ष अपने दोस्त रविंद्र 28 वर्ष के साथ बाइक से कदौरा बाजार करने जा रहा था। जब वह चतेला गांव के पास पहुंचा तभी तेज रफ़्तार अज्ञात वाहन के चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही दोनों उछलकर सड़क पर गिर पड़े और वाहन कुचलता हुआ निकल गया। दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़े। यह देख राहगीरों में अफरा तफरी मच गई और उन्होंन घटना की सूचना कदौरा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में दोनों युवकों को सीएचसी पहुंचाया। जहां पर उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
युवकों की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया, और रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने कहा कि परिजनों द्वारा मामले की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएचसी में ध्वस्त दिखी व्यवस्थाएं
उरई। सामुदायक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा में जब दोनों घायल दोस्तों को ले जाया गया तो वहां पर घायलों को आधे अधूरे स्ट्रेचर पर ही लिटाए रखा। वहां पर मौजूद स्टॉफ ने प्रथम उपचार की कार्रवाई करके अपना कोरम पूरा किया और घायलों को रेफर कर दिया। इसमें दोनों को सीएचसी में बहुत समय लग गया। वहां लोगों का कहना है कि वहां पर समुचित उपचार के नाम पर घायलों की सिर्फ खानापूर्ति हुई। जिस तरह वहां पर घायलों को रखा गया वह वहां की हकीकत को स्वयं ही बयां कर रहा है।
ये भी पढ़ें -नजीराबाद में एक घंटे के भीतर बदमाशों ने दो लूट की घटनाओं को दिया अंजाम
