UP Crime: ऐसे जीवन का क्या करना...जब मैं पिता को नहीं बचा पाई, युवती ने सुसाइड नोट लिखकर मौत को लगाया गले
कानपुर में युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कानपुर में युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच शुरू की।
कानपुर, अमृत विचार। मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहीं हूं। लोग कहते है कि लिखा होता है जैसे मौत आनी है, लेकिन ये अपनी गलतियों पर पर्दा डालने वाली बात है। मैं अपनी गलतियों का बोझ नहीं उठा पा रही हूं। पिता को आईसीयू में भूंखा प्यासा रखा गया, जिससे उन्हें वेंटीलेटर तक पहुंचाया जा सके और हम कुछ नहीं कर सके... कई बार सोचा कि उनके दिए इस जीवन का सम्मान करूं, मगर कैसे जब ये जीवन उस जीवन को बचाने में नाकाम रहा... शुक्रवार को एक युवती ने पिता की मौत से अवसाद में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके पास से कुछ इस तरह की बातें लिखा हुआ सुसाइड नोट बरामद हुआ।
केशवपुरम, कल्याणपुर निवासी संतोष कुमार वर्मा बीएसएसडी कॉलेज नवाबगंज में आईटी एडमिन के पद पर कार्यरत है। संतोष ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनकी छोटी बहन उमा वर्मा (40) ने पानी की मोटर चला कर कमरे में चली गई, जिसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। संतोष मोटर बंद करने आए तो उमा का शव लटकता पाया।
सूचना पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। संतोष ने बताया कि वर्ष 2003 में मां व बड़े भाई की एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। कुछ माह पहले पिता की कैंसर की बीमारी के कारण मौत हो गई। जिसके बाद उमा अवसादग्रस्त रहने लगी थी। बताया कि उमा ने कुछ समय पहले टीईटी की परीक्षा पास की थी।
सुसाइड नोट में उमा ने लिखा की भाई तुम्हारी इतनी गलती नहीं है, जितनी मेरी है। अब तुम पर अपने बच्चों की जिम्मेदारी है, मेरे जाने का गम न करना। कल्याणपुर पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Punjab की महिला से Kanpur में दुष्कर्म... आरोपित ने शादी का दिया झांसा, दस लाख रुपये भी ऐंठने का आरोप
