प्रदेश में लगातार बरेली सबसे ठंडा, पारा और लुढ़कर 4.6 डिग्री पहुंचा
शिमला, नैनीताल, जम्मू और श्रीनगर से भी ठंडा बरेली, अधिकतम तापमान भी प्रदेश में सबसे कम
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश में बरेली में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। जिले में लगातार पारा लुढ़क रहा है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो शिमला, नैनीताल, जम्मू और श्रीनगर से भी कम है। प्रदेश में पांचवी बार बरेली का तापमान सबसे कम रहा है। वहीं अधिकतम तापमान भी प्रदेश में सबसे कम बरेली में 21.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी आने वाले दिनों में भी इसी तरह की ठंड का पूर्वानुमान जता रहे हैं।
शुक्रवार को सुबह के समय 97 प्रतिशत और शाम को 59 प्रतिशत हवा में नमी दर्ज की गई। इस दौरान 8-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने ठंडक बढ़ाई। बरेली के बाद प्रदेश में मेरठ और नियामतपुर में सबसे कम तापमान रहा है। पंतनगर यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डाॅ. आरके सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में कुछ डिग्री का उतार-चढ़ाव हो सकता है लेकिन ठंड बरकरार रहेगी। रविवार तक पछुआ हवा के कारण सुबह और शाम को ठंड का असर अधिक रहेगा। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। आसमान साफ रहेगा। दिन में धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिलने का पूर्वानुमान जताया गया है।
ये भी पढे़ं- सामूहिक विवाह : दूसरे दिन 533 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
