Hamirpur News: नवविवाहिता ने मायके से ससुराल आकर खाया जहर... मौत, छह माह पूर्व गांव के युवक से किया था प्रेम विवाह
हमीरपुर में नवविवाहिता की जहर खाकर मौत।
हमीरपुर में नवविवाहिता ने मायके से ससुराल जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका ने छह माह पूर्व गांव के युवक के साथ प्रेम विवाह किया था।
हमीरपुर, अमृत विचार। शुक्रवार शाम मायके से ससुराल आई नवविवाहिता ने शनिवार को तड़के जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उपचार के लिए जसपुरा (बांदा) ले गए। हालत में सुधार न होने पर सदर अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका का पति सूरत में रहकर मजदूरी कर रहा है। मृतका ने छह माह पूर्व गांव के युवक के साथ प्रेम विवाह किया था।
थाना सुमेरपुर के भौंरा के पूर्व प्रधान सूबेदार निषाद के पुत्र गयाराम की बहू रीना (20) एक सप्ताह पूर्व सूरत से वापस गांव लौटी थी और अपने पिता राजाराम निषाद के पास रुकी थी। शुक्रवार की शाम यह मायके से ससुराल पहुंची और शनिवार तड़के जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने घटना से सूरत में रह रहे पति प्रदीप निषाद को अवगत कराया और उपचार के लिए जसपुरा बांदा ले गए। हालत गंभीर होने पर जसपुरा से सदर अस्पताल रेफर किया गया।
सदर अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर गांव लौट आए और पुलिस को बगैर सूचित किए दोपहर बाद अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष राम आसरे सरोज ने बताया कि पुलिस को किसी तरह की सूचना नहीं दी गई है। अगर कोई तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मृतका ने मई 2023 में गांव के युवक से ही प्रेम विवाह किया था।
ये भी पढ़ें- Kanpur Crime: पिता ने नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म... विरोध करने पर धमकाया, भूखा भी रखा, आरोपी गिरफ्तार
