रामनगर: मनरेगा के कामों की सोशल ऑडिटिंग पर बैठी ज्यूरी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार। विकासखंड रामनगर ब्लाक की 30 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत हुए कामों की सोशल ऑडिटिंग टीम द्वारा निकाली गई गलतियों पर दो सदस्यीय ज्यूरी ने अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिए। 250 से अधिक फैसलों पर सुनवाई करते हुए ज्यूरी सदस्य शिक्षक नवेंदु मठपाल और सहायक अभियंता प्रमोद कुमार ने मनरेगा कार्य से संबंधित कर्मचारी, अधिकारी को आर्थिक दंड दिया।

कुछ मामलों में वसूली का आदेश भी दिया गया। कुछ अन्य में भविष्य में काम में सुधार लाने की चेतावनी संबंधित कार्मिक को दी गई। किए गए काम के बाबत दीवार लेखन न होने पर आदेशित किया गया कि बजट आते ही नियमानुसार दीवार लेखन अवश्य किया जाए। 

खंड विकास अधिकारी उमाकांत पंत के अनुसार ब्लाक की 53 में से 30 ग्राम पंचायतों में विगत पंद्रह दिन से देहरादून से आई हुई टीम द्वारा मनरेगा कामों का  सामाजिक अनुश्रवण किया गया। टीम इंचार्ज मधुश्री के नेतृत्व में 23 सदस्यीय टीम  इन दिनों गांवों में ही रही और ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा गांवों में कराए गए काम का ग्रामवासियों से संपर्क कर वास्तविकता जानी गई। दस्तावेजों का काम के साथ मिलान किया गया।

ब्लॉक के शेष गांवों में अब 24 दिसंबर तक यह टीम भ्रमण कर मिलान करेंगी। फिर ज्यूरी के समक्ष अनियमितताओं को रखा जाएगा। इस दौरान राहुल डंगवाल, ग्राम विकास अधिकारी खुशाल सिंह मर्तोलिया, अनिल थुवाल, प्रकाश मठपाल, कार्यक्रम अधिकारी मनोज पाल, देवकी कांडपाल, अमीर चंद्र कांबोज आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार