अल्मोड़ा: एसएसजे के छात्रावास में छात्र ने की आत्महत्या
अल्मोड़ा, अमृत विचार। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर के न्यू ब्वॉयज हॉस्टल में एक छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को फंदे से निकालकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शनिवार को सरकार की आली स्थित एसएसजे कैंपस के न्यू ब्वॉयज हॉस्टल में एक छात्र अपने कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला।
सुबह के समय जब वह काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकला तो हास्टल के दूसरे छात्रों ने खिड़की से अंदर देखा तो छात्र फंदे में लटका हुआ था। आनन फानन में छात्रों ने इसकी सूचना एसएसजे विवि परिसर प्रशासन को दी। सूचना के बाद कोतवाली अल्मोड़ा व बेस चौकी पुलिस मौके पर हॉस्टल पहुंची। किसी तरह दरवाजा तोड़ पुलिस ने कमरे में पहुंची और छात्र को फंदे से उतारा, लेकिन तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। छात्र का नाम मानव बिष्ट बताया जा रहा है। वह बीए प्रथम सेमेस्टर का छात्र था। वह नैनीताल जिले का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि मृतक का रूममेट इन दिनों घर गया हुआ था आौर वह कमरे में अकेले था। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें उसने अपनी मां को लेकर भावुक बातें लिखी हैं। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
