Kanpur Dehat: वांछित को पकड़कर ला रही पुलिस टीम पर पथराव, दरोगा समेत तीन घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में वांछित को पकड़कर ला रही पुलिस टीम पर पथराव किया गया।

कानपुर देहात में वांछित को पकड़कर ला रही पुलिस टीम पर पथराव किया गया। जिसमें दरोगा समेत तीन लोग घायल हो गए। इसमें नौ नामजद व आठ अज्ञात पर केस दर्ज किया गया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। आत्महत्या दुष्प्रेरण, एससीएसटी एक्ट समेत कई धाराओं में वांछित युवक को डेरापुर क्षेत्र के कटेही गांव से पकड़कर ला रही पुलिस टीम पर आरोपी के परिजनों ने पथराव कर दिया और आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए। चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी, उसके परिजनों समेत 17 लोगों के खिलाफ पुलिस मुजहमत, बलवा, सेवन क्रिमिनल एक्ट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

डेरापुर थाना क्षेत्र के कटेही गांव निवासी शरद राठौर के खिलाफ बीती 28 अक्टूबर को पुलिस ने आत्महत्या दुष्प्रेरण, एससीएसटी एक्ट समेत अन्य आरोपों मंें रिपोर्ट दर्ज की थी। जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी दस्तमपुर अनिल कुमार, कांस्टेबल अवधेश सिंह व अजय कुमार के साथ आरोपी को पकड़ने कटेही गांव पहुंचे और उसे घर के पास से दबोच लिया। पुलिस टीम आरोपी को थाना ला रही थी।

इसी दौरान आरोपी के पिता महेश राठौर, परिवारी रज्जन राठौर, थान सिंह, अवधेश राठौर, अशोक राठौर, पवन राठौर, अर्जुन राठौर व अंजू राठौर समेत अज्ञात कई लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और मारपीट पर आमदा हो गए। जिससे दरोगा व पुलिस कर्मी घायल हो गए। इसके बाद परिजन आरोपी युवक को पुलिस से छुड़ाकर अपने साथ लेकर फरार हो गए। दस्तमपुर चौकी प्रभारी ने डेरापुर थाने में सूचना देकर फोर्स की मांग की।

जिस पर थाना प्रभारी अनिल कुमार भारी पुलिस बल लेकर गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि कई धाराआंे में वांछित आरोपी को पकड़कर दस्तमपुर चौकी प्रभारी व पुलिस कर्मी थाने ला रहे थे। जिससे नाराज आरोपी के परिजनों ने पुलिस टीम पर पथराव करते हुए मारपीट कर दी और वांछित को छुड़ा लिया।

उन्होंने बताया कि दस्तमपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार की तहरीर पर वांछित शरद राठौर, उसके पिता महेश राठौर, परिवारी रज्जन राठौर, थान सिंह, अवधेश राठौर, अशोक राठौर, पवन राठौर, अर्जुन राठौर व अंजू राठौर समेत आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस मुजहमद, बलवा, मारपीट, क्रिमिनल एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

ये भी पढ़ें- Kanpur के जानलेवा गड्ढे ने ले ली एक जान… स्कूटी का पहिया जाते ही छह फुट ऊपर उछली, सरकारी व्यवस्था को परिजनों ने कोसा

संबंधित समाचार