गरमपानी: साइबर अपराधियों ने युवक को इस कदर परेशान कर दिया कि आखिरकार उसने...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गरमपानी, अमृत विचार। बेतालघाट ब्लॉक के सेठी गांव निवासी युवक को साइबर अपराध से जुड़े अपराधियों ने ब्लैक मेल कर इतना परेशान किया की युवक ने आखिरकार अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है जबकि स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है। क्षेत्रवासियों ने घटना का खुलासा कर दोषियों को दंडित करने की मांग उठाई है।

बेतालघाट ब्लॉक के सेठी गांव निवासी कृपाल सिंह का बड़ा बेटा मोहित सिंह (20) हिसार, चंडीगढ़ में होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग ले रहा था। मोहित व छोटे भाई विजय का कौशल विकास योजना के तहत होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने के बाद ट्रेनिंग के लिए चयन हुआ।

छोटा भाई विजय कर्नाटक जबकि मोहित का चयन दिल्ली रोड हिसार में स्थित होटल में हुआ। विजय इस बीच रामनगर आकर नौकरी करने लगा जबकि मोहित भी ट्रेनिंग निपटाकर घर आने वाला था। विजय के अनुसार उसे बीते दिन हिसार पुलिस का फोन आया और बताया कि मोहित ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली है।

घटना की सूचना से पूरा परिवार सदमे में आ गया। आनन फानन में वह अपने चाचा चंदन सिंह व ताऊ के लड़के विकास के साथ हिसार को रवाना हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक मोहित का शव उन्हें सौंप दिया। जांच पड़ताल व मोहित के फोन से पता लगा कि भाई मोहित साइबर अपराधियों के जाल में बुरी तरह फंस चुका था।

बीते कुछ दिनों में वह 45 हजार रुपये से अधिक की धनराशि साइबर अपराधियों के खाते में ट्रांसफर कर चुका था। लगातार साइबर अपराधी मोहित पर और पैसे भेजने का दबाव बना रहे थे। बीते दिनों ही मोहित ने विजय को फोन कर तीन हजार रुपये भेजने की आवश्यकता बताई थी। विजय के अनुसार लगातार दबाव में आकर भाई मोहित ने आत्मघाती कदम उठाया। स्वजनों ने हिसार पुलिस से मामले में जांच कर दोषियों को दंडित करने की मांग उठाई है।

संबंधित समाचार