संतकबीरनगर में यातायात पुलिस की अनोखी पहल, पहले पहनाई माला, फिर चालान काटकर किया विदा
संतकबीरनगर। यातायात पखवाड़ा के तहत यातायात पुलिस आम जनता और वाहन चालकों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। अभियान के तहत यातायात क्षेत्राधिकारी केशवनाथ और प्रभारी यातायात परमहंस के नेतृत्व में पुलिस ने मेंहदावल बाईपास पर अनोखा प्रयोग किया। बार बार की चेतावनी और चालान के बावजूद अपनी हरकतों में सुधार नहीं लाने वाले बिना हेलमेट के बाइक चला रहे लोगों और बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिया वाहन चालकों को चौक पर खड़ा कर उन्हें माला पहनाई, इसके इन सभी लोगों के चालान भी काट दिया।
क्षेत्राधिकारी केशवनाथ ने कहा कि अगर आपने हेलमेट और सीटबेल्ट नहीं लगाया तो भविष्य में ये खूबसूरत फूलों की माला आपकी तस्वीर पर भी लग सकती है। मौजूद राहगीरों ने ऐसे लोगों की खूब हंसी उड़ाई जिसके चलते तमाम लोग शर्मिंदगी जाहिर करते हुए भविष्य में बिना हेलमेट और बिना सीटबेल्ट लगाए वाहन नहीं चलाने का संकल्प लिया।
इसके बाद यातायात पुलिस ने उन सभी लोगों की आनलाइन चालान काटकर उन्हें विदा किया। इसके बाद यातायात पुलिस ने सिटी पब्लिक स्कूल खलीलाबाद के बच्चों को यातायात नियमों और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। क्षेत्राधिकारी केशवनाथ ने कहा कि मार्ग दुर्घटनाओं को रोकने में बच्चे बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। आप अपने अभिभावकों को यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाएं।
उन्होंने दो पहिया वाहन चलाते समय तीन सवारी न बैठाने, बिना नम्बर प्लेट लगी वाहन न चलाने, नशे की हालत में गाड़ी न चलाने, वाहन को ओवर स्पीड़ से न चलाने हेतु लोगों से अपील किया। बच्चे अपने परिजनों और रिश्तेदारों तथा आसपास के लोगों को वाहन चलाते समय हेल्मेट व सीट बेल्ट के प्रयोग करने हेतु प्रेरित करें। उनकी अपील का लोगों पर गहरा असर हो सकता है। इस अवसर पर उप निरीक्षक अजय राय समेत यातायात पुलिस के तमाम जवान और विद्यालय के शिक्षकों समेत तमाम छात्र छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें;-Allahabad High Court: श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद में फैसला सुरक्षित
