किच्छा: डेढ़ लाख रुपए की चरस के साथ तस्कर दबोचा
किच्छा, अमृत विचार। पुलभट्टा थाना पुलिस की टीम ने तलाशी के दौरान रोडवेज बस से चरस तस्करी कर रहे एक आरोपी को करीब डेढ़ लाख रुपए की चरस के साथ दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी यूपी का रहने वाला है और हल्द्वानी से चरस लेकर बरेली वापस लौट रहा था। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस की धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलभट्टा थाना पुलिस की टीम द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाए जाने की मुहिम के तहत नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलभट्टा थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट के नेतृत्व में गठित की गई पुलिस टीम द्वारा रूटीन चेकिंग के दौरान किच्छा से बरेली की तरफ जा रही बरेली डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी 25 एफ टी 4149 को रोका गया।
पुलिस टीम ने बस में बैठे एक संदिग्ध युवक के कब्जे से एक किलो 545 ग्राम अवैध चरस बरामद कर ली। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम पता निवासी खेड़ा देवचरा के पास, थाना भमोरा, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश निवासी वीरेंद्र कुमार बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध चरस के अलावा एक कीपैड मोबाइल फोन, रोडवेज बस की दो टिकट, 170 रुपए नगद, एक ई-श्रम कार्ड, एक पैन कार्ड बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि देवचरा, बरेली निवासी रवि के कहने पर वह चरस लेने हल्द्वानी गया था, जहां ऑल्टो कार सवार युवक ने रवि को देने के लिए चरस दी थी।
आरोपी ने बताया कि चरस पहुंचाने की एवज में रवि ने वीरेंद्र को दस हजार रुपए देने का लालच दिया था। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए आरोपी वीरेंद्र कुमार के अलावा रवि तथा हल्द्वानी में चरस की सप्लाई करने वाले ऑल्टो कार सवार युवक के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद चरस की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
किच्छा। आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट, एसआई पवन जोशी, एसआई प्रदीप गैबरियाल, एचसी फिरोज खान, पुलिसकर्मी महेंद्र बिष्ट, पुलिसकर्मी चारु पंत व दीपक बिष्ट के अलावा एसओजी टीम के उपनिरीक्षक मनोज धोनी, एसआई अशोक कांडपाल एवं पुलिसकर्मी भूपेंद्र आर्य शामिल रहे।
