मुरादाबाद : गेहूं की सिंचाई कर लौट रहे किसान की ट्रेन से कटकर मौत
कुन्दरकी थाना क्षेत्र में सोमवार की रात हुई घटना, नगर के मोहल्ला कायस्थान के रहने वाले थे 52 वर्षीय चंद्रपाल
मुरादाबाद/कुन्दरकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में सोमवार की रात गेहूं की फसल की सिंचाई करके घर लौट रहे किसान की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर के मोहल्ला कायस्थान निवासी 52 वर्षीय चंद्रपाल किसान थे। बीती रात गांव मिलक काजी के रकबे में स्थित अपने खेत में खड़ी गेहूं की फसल की सिंचाई करने गए थे। फसल की सिंचाई करने के बाद रात करीब 10:15 बजे वह घर लौट रहे थे। भारतीय स्टेट बैंक के सामने रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक मुरादाबाद की ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन से कटकर चंद्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
स्टेशन मास्टर प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि रात में स्टेशन मास्टर कुलदीप सैनी की ड्यूटी थी। रिकॉर्ड के अनुसार 10:15 बजे मुरादाबाद से चंदौसी जाने वाली ट्रेन से यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परीजन घटनास्थल पर पहुंच गए। इस बीच जीआरपी भी घटनास्थल पर पहुंच गई। चंद्रपाल के परिवार में पत्नी मुन्नी के अलावा तीन बेटे धर्मपाल, सतबीर, सुभाष व दो बेटी बीना और प्रेमवती हैं।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की सोनकपुर योजना का ले आउट बोर्ड से स्वीकृत, 14 जनवरी को शिलान्यास होगा
