लखनऊ: दोस्त का Birthday मना रहे युवक पर चाकू से हमला, जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के सामने हुई घटना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोमतीनगर विस्तार थाने में शिकायत करने पहुंचा पीड़ित

लखनऊ, अमृत विचार। गोमतीनगर विस्तार इलाके में जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट पर दोस्त का बर्थडे मना रहे युवक पर करीब आधा दर्जन लोगों ने घेर कर हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक ने चाकू से भी हमला करने का प्रयास किया। आसपास के लोगों के आने से हमलावर धमकी देते हुये भाग निकले। पीड़ित ने पुरानी रंजिश में हमला करने का आरोप लगाया है।

गौतमपल्ली थाना अंतर्गत जियामऊ निवासी प्रतीक यादव पुत्र मनोज यादव ने बताया कि मंगलवार को एक दोस्त का बर्थ डे था। उसने पार्टी देने के लिए गोमतीनगर विस्तार इलाके के जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के समीप बुलाया था।  प्रतीक ने बताया कि चार दोस्तों के साथ गेट के सामने एक दुकान के सामने खड़े होकर बातें कर रहे थे। 

इसी दौरान सात से आठ युवक पहुंचे और उसे व साथियों को घेर कर गाली गलौज करने लगे। प्रतीक ने बताया कि 13 दिसंबर को केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 10 में पढ़ने वाले उसके भाई श्रेष्ठ से कुछ छात्रों का विवाद हुआ था। मामला थाने तक पहुंचा था। जहां पर सुलह समझौता करा दिया गया था। उसी मामले की रंजिश में मंगलवार को आरोपी उसे लात घूसों से पीटने लगे। 

प्रतीक का आरोप है कि गेट के समीप का एक दुकानदार भी हमलावरों में शामिल हाे गया। उसने चाकू से हमला करने का प्रयास किया। इसमें वह बालबाल बचा। आसपास के लोगों के आने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुये भाग निकले। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर घटना से जुड़ा 5 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। 

वीडियो में चाकू पकड़े युवक गाली गलौज करते दिख रहा है। युवक को एक लड़की पकड़ कर खींचते दिख रही है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी ने बताया ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है और न ही इस संबंध में कोई तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: गैंगस्टर फिरोज अहमद की 4.40 लाख 90 हजार की संपत्ति कुर्क, डीएम के आदेश पर हुई कार्रवाई

 

संबंधित समाचार