काशीपुर: एसबीआई का एटीएम उखाड़ ले गए कार सवार बदमाश
काशीपुर, अमृत विचार। रामनगर रोड स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा के बाहर लगे एटीएम को कार सवार बदमाश उखाड़ कर ले गये। एटीएम में करीब 11 लाख रुपये की नगदी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। बैंक के मुख्य प्रबंधक ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है।
रामनगर रोड हाइवे के किनारे एसबीआई की मुख्य शाखा है। बैंक के बाहर ही एसबीआई का एटीएम लगा है। सोमवार रात करीब दो बजे सफेद कार से उतरे दो बदमाशों ने एटीएम का शटर और फिर शीशे का दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हो गये। करीब 20 मिनट बाद बदमाश एटीएम उखाड़कर कार में रखकर फरार हो गये।
एटीएम में छेड़छाड़ होने पर सायरन बजने पर ई सर्विलांस टीम अलर्ट हो गई और टीम ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एएसपी अभय सिंह, सीओ वंदना वर्मा , कोतवाल मनोज रतूड़ी के साथ बैंक के मुख्य प्रबंधक अनुनय कुमार भी मौके पर पहुंच गए और जानकारी ली।
मुख्य प्रबंधक ने बताया कि एटीएम में 11 लाख रुपये की नगदी थी। वहीं पुलिस सीसीटीवी कैमरों की सहायता से बदमाशों की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। इधर बैंक के डीजीएम फैयाज अहमद वानी ने भी बैंक पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
घटना के खुलासे के लिये छह टीमें गठित गई हैं। जो प्रदेश से बाहर दबिश दे रही हैं। टीमें आरोपियों के करीब पहुंच चुकी हैं। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
-मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, ऊधम सिंह नगर
