मुरादाबाद : निषाद समाज के लोगो को समाज में सम्मान दिलाने के लिए सरकार तत्पर
फिशरीज क्रेडिट कार्ड से निषाद समाज के लोगों के गंभीर बीमारियों के इलाज की मिलेगी सुविधा
मुरादाबाद, अमृत विचार। निषाद समाज के लोगो को समाज में सम्मान दिलाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार तत्पर है। फिशरीज क्रेडिट कार्ड से निषाद समाज के लोगों के गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा मिलेगी। आगामी लोकसभा चुनाव में निषाद समाज की 18 प्रतिशत की आबादी के अनुपात में एनडीए को नये निषाद पार्टी के लोगों को टिकट देना चाहिए।
यह बातें निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में मत्स्य पालन विभाग के मंत्री डा. संजय निषाद ने कही। वह बुधवार को पंचायत भवन सभागार में निषाद पार्टी ( निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल ) मछुआ एससी संवैधानिक खानदानी सुरक्षात्मक आरक्षण महासंपर्क अभियान के मुख्य अतिथि थे। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मछुआरा, तुरैहा को पिछड़े वर्ग में शामिल करना गलत है। पूर्व की सरकारों ने निषाद समाज को उचित समान और अधिकार नहीं दिया।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री निषाद समाज के उत्थान में लगे हैं। 39,000 हजार करोड़ रुपये निषाद समाज के कल्याण के लिए मोदी सरकार ने दिया। कहा कि मुख्यमंत्री संपदा योजना के नाम से योजना में 15000 करोड़ रुपये निषाद समाज के उत्थान के लिए दिया है। आयुष्मान कार्ड न होने पर पांच लाख रुपये का गंभीर रूपये तक का इलाज मछुआ कल्याण कोष के माध्यम से कराया जा रहा है। इसके लिए फिशरीज क्रेडिट कार्ड देंगे।
आगामी लोकसभा चुनाव में निषाद पार्टी को कितनी सीट मिलेगी के सवाल के जवाब में कहा कि 2022 में विधानसभा चुनाव में 15 सीटें मिली थी इसमें तीन जीते थे।लोकसभा चुनाव में 18 प्रतिशत निषाद समाज की आबादी के अनुपात में टिकट एनडीए को देना चाहिए। निषाद समाज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। आगामी लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में निषाद समाज पूरी ताकत के साथ खड़ा रहेगा।
