हल्द्वानी: जेल प्रशासन की पुरानी व्यवस्था धड़ाम, महिला ने लगाई दुकान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। अगर कोई आपका अपना कोई जेल में बंद है और आप उससे मिलने जाना चाहते हैं तो मोबाइल समेत अपना सारा जरूरी सामान घर रख कर जाना होगा। वजह ये है कि जेल प्रशासन के पास ऐसी कोई व्यवस्था नहीं कि वह मिलने आने वालों के साजो-सामान को सुरक्षा कर सके। कुल मिलाकर जेल प्रशासन की पुरानी व्यवस्था धड़ाम हो चुकी है और नई व्यवस्था के तहत एक महिला ने जेल परिसर के भीतर ही अपनी दुकान सजा ली है। 

बता दें कि पूर्व जेल अधीक्षक रहे सतीश सुखीजा ने मिलने आने वालों की दिक्कत समझी थी। ऐसे में उन्होंने जेल के मुख्य गेट के बाहर कुछ लॉकर स्थापित कराए थे। इस लॉकर में मिलने आने वाले लोग मोबाइल समेत अन्य जरूरी सामान रखते थे और ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले जाते थे, लेकिन इस लॉकर से मोबाइल की चोरी शुरू हो गई।

वजह थी कि लॉकर की चाबी से दूसरे लॉकर भी खुल जा रहे थे। कुछ मामलों में मुकदमे भी दर्ज हुए। नए जेल अधीक्षक प्रमोद पांडे आए तो लॉकर में खामी को देखते हुए उन्होंने लॉकर व्यवस्था खत्म कर दी, लेकिन इसके सापेक्ष कोई और इंतजाम भी नहीं किए। 

इससे कैदियों से मिलने आने वालों को दिक्कतें होनी लगीं। लोग यहां-वहां गाड़ियों और दुकानों में मोबाइल रख कर जाने लगे। इस बीच एक महिला जेल परिसर में बने मंदिर प्रांगण में बैठ गई। वो प्रति मोबाइल के हिसाब से दस रुपये लेकर लोगों के मोबाइल व अन्य सामान अपने पास रखने लगी। बता दें कि जेल में रोजाना डेढ़ से दो सौ लोग मिलाई के आते हैं। इस व्यवस्था से एक गरीब का पेट तो पल रहा है, लेकिन ये व्यवस्था जेल प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े करती है। 


मोबाइल व अन्य सामान के लिए नए लॉकर लगाए जाने हैं। लॉक बनाने वाली कंपनियों से बात की जा रही है। ताकि एक चाबी से एक ही लॉकर खुल सके। जल्द ही मिलाई के लिए आने वालों के लिए लॉकर लगा दिया जाएगा। 
प्रमोद पांडे, जेल अधीक्षक, उप कारागार हल्द्वानी


सड़क से परिसर तक निगरानी करेंगे सीसीटीवी
हल्द्वानी : चोरी की घटनाओं पर अंकुश और निगरानी रखने के लिए जेल प्रशासन अब सीसीटीवी लगाने जा रही है। जेल अधीक्षक बताया कि मुख्य सड़क से परिसर तक 6 सीसीटीवी लगाए जाएंगे। इससे न सिर्फ चोरी पर अंकुश लगेगा, बल्कि घटना हो जाने के बाद आरोपी की पहचान और घटना के खुलासे में भी सहायक होगा। इसके अलावा जेल परिसर के बाहर तैनात कर्मियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। 

संबंधित समाचार