हल्द्वानी: गुड़िया से स्मैक और मेजर से खरीदा था तमंचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस को देख कर भागे बाइक सवारों को पुलिस ने दबोचा तो बड़ा खुलासा हुआ। बाइक सवारों के पास से पुलिस ने न सिर्फ स्मैक और तमंचा बरामद किया, बल्कि स्मैक और तमंचा बेचने वालों के नाम भी सामने आए। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 

बनभूलपुरा पुलिस ने बताया कि एसआई अनिल कुमार, एनटीएफ के कांस्टेबल मुन्ना सिंह, अमनदीप व सोनू सिंह गौलापुल के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक संख्या यूके 04 एके 8370 पर सवार दो युवक चेकिंग देखते ही भागने लगे, जिन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में बाइक सवारों ने अपना नाम लालडांट बिठौरिया नंबर एक हरिपुर नायक मुखानी निवासी मनोज कश्यप व यहीं रहने वाले पीछे बैठे युवक ने अपना नाम आकाश कुमार बताया। पुलिस ने इनके पास से 312 बोर का तमंचा, कारतूस और 22 ग्राम स्मैक बरामद की। आरोपियों ने बताया कि दोनों पड़ोसी हैं।

स्मैक का नशा करते और बेचते हैं। मनोज ने बताया कि बरामद स्मैक वह ग्राम उकरोली सितारगंज निवासी गुड़िया से लाया था और आकाश ने बताया कि गुड़िया के घर के पास नदी पार स्थित गांव में मेजर नाम का व्यक्ति रहता है, जिससे तमंचा खरीदकर लाए थे।

संबंधित समाचार