काम को बोझ न समझें, जनता की सेवा में लगे रहें: आनंदी बेन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने अधिकारियों को सीख दी कि वे मिलकर हंसी-खुशी से काम करें। कहा कि काम को बोझ न समझें, जनता की सेवा में लगे रहें और जिले को आगे बढ़ाएं, यही सभी से गुजारिश है। अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को राज्यपाल ने विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। राज्यपाल ने कहा कि ऐसा कोई विषय नहीं, जिसका हल नहीं निकल सकता। बस काम करने की मंशा सही होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयुष्मान भारत,  मातृ वंदना योजना,  स्वच्छ शौचालय आदि योजनाएं आम जनता तक कैसे पहुंचें, इस पर सभी को सोचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर स्वच्छ जल पहुंचाया जा रहा है। यह एक व्यक्ति की सोच पर ही काम हो रहा है अगर आजादी के बाद से ही कोई इस पर सोचता तो आज पानी के यह दशा नहीं होती। पानी से ही तरह-तरह की बीमारियां फैल रही हैं। सोने से भी ज्यादा कीमती पानी हो गया है। इसका संरक्षण बहुत जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जब सरकार काम करने के लिए बजट देती है तो काम होना चाहिए। केंद्र व राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ जनता तक कैसे पहुंचे इस पर सभी अधिकारियों को काम करना है।

उन्होंने बीएसए लवप्रकाश यादव को निर्देश दिए कि ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर्स के बचे कामों को पूरा करें। मीनू के अनुसार बच्चों को मध्यान्ह भोजन गुणवत्तापूर्ण मिलना चाहिए। स्मार्ट क्लास में बच्चों की पढ़ाई कराए।  राज्यपाल ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को सभी जरूरतमंदों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ देने, जिला पंचायत राज अधिकारी को पंचायत सहायकों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्रों पर हाडकुक्ड योजना पर नजर रखने और कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराने के लिए निर्देशित किया।

राज्यपाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों पर भर्ती कराने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम ने कहा कि जो भी निर्देश दिए गए हैं उसका अक्षरशः पालन कराया जाएगा। डीएम ने राज्यपाल को एक जनपद एक उत्पाद के तहत स्मृति चिह्न भेंट किया। पीपीटी के माध्यम से जिले के पर्यटक एवं धार्मिक स्थलों के बारे में बताया।

राज्यपाल ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराएं जा रहे कार्यों के मॉडल को देखा एवं एडीएम नमामि गंगे सुनंदु सुधाकरण से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बैठक में सीडीओ अमृतपाल कौर,  एडीएम वंदिता श्रीवास्तव,  एसडीएम सौरभ यादव,  एएसडीएम पंकज वर्मा,  प्रभागीय वनाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह,  डीडीओ आरके  त्रिपाठी,  डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, डीपीआरओ कुमार अमरेंद्र  आदि मौजूद रहे।

यह भी पढें: कानपुर: महाराजपुर में पुलिस ने भारी मात्रा में पकड़ी अंग्रेजी शराब, एक करोड़ बताई जा रही कीमत

संबंधित समाचार