रामनगर: जंगली जानवरों से सुरक्षा को कार्बेट मुख्यालय पर गरजे ग्रामीण
रामनगर, अमृत विचार। रामनगर में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार आतंक का पर्याय बन चुके बाघ एवं गुलदार के साथ ही अन्य वन्य जीवों के आतंक से निजात दिलाने की मांग को लेकर कॉर्बेट मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करते हुए सरकार और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वहीं प्रदर्शनकारियों द्वारा स्थानीय विधायक के खिलाफ भी नाराजगी व्यक्त की गई। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले दिनों 32 वर्षीय अनीता देवी को बाघ ने अपना निवाला बनाते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया था। साथ ही अंकित नाम के युवक पर भी बाघ ने हमला बोल कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिसका उपचार चल रहा है। उसके इलाज के लिये उनके परिजनों ने अपना जेवर आदि भी गिरवी रखवा दिया है उसके उपचार के लिए मुआवजा जल्द दिया जाए।
ग्रामीणों का कहना था कि इसके साथ ही बाघ द्वारा उनके पालतू मवेशियों को भी अपना शिकार बनाया जा रहा है, ग्रामीणों ने हमलावर बाघ को पकड़े जाने की मांग को लेकर पूर्व में दो बार कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढेला एवं झिरना पर्यटन जॉन को बंद कर पर्यटकों की आवाजाही रोक दी थी।
ग्रामीणों ने मांग पूरी न होने पर गुरुवार को कॉर्बेट मुख्यालय पर हल्ला बोल प्रदर्शन इसको लेकर आज ग्रामीणों ने सीटीआर मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए कहा कि आज उत्तराखंड में लगातार इस प्रकार की घटनाएं घट रही है जिनके कारण पर्वतीय क्षेत्रों से लोग जहां एक ओर पलायन कर रहे हैं, तो वहीं लगातार बढ़ रही इस प्रकार की घटनाओं को लेकर अब मैदानी लोग भी पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा अगर बाघ नहीं पकड़ा गया तो 31 दिसम्बर को फिर ढेला, झिरना जोन बंद करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2006 में मुख्य सचिव द्वारा घायलों का उपचार सरकार की ओर से कराए जाने का आदेश दिया गया था, उन्होंने इस आदेश को लागू करने की मांग करते हुए मृतक महिला के परिजनों को 25 लाख रुपए का मुआवजा देने के साथ ही घायल अंकित का उपचार सरकार की ओर से कराए जाने तथा बाघ को शीघ्र पकड़े जाने की मांग की है।
वहीं सीटीआर के उपनिदेशक दीगांत नायक ने बताया कि बाघ को शीघ्र ही ट्रेंकुलाइज कर लिया जाएगा जिसके लिए मौके पर टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुआवजा राशि में बढ़ोतरी को उच्चाधिकारियों को मामला प्रेषित कर दिया गया है ।धरना प्रदर्शन में रमूली देवी, ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख संजय नेगी, प्रभात ध्यानी, सुमित, ललित पांडे, सोवन तड़ियाल, सूरज,गोविंद अधिकारी, ललिता रावत, धनवंतरी गिरी, चंपा जोशी, मुन्नी बुधनी, अनीता गुसाई, आशा देवी, ख्याली दत्त डोर्बी, मुनीष कुमार, चिंताराम, संजय मेहता, रोहित रहेला पूरनचंद पांडे, इंद्रजीत सिंह, आनंद सिंह नेगी, भास्कर करगेती, हीरा सिंह, धन सिंह, सुनील, पीसी जोशी, महेश जोशी, ऊषा पटवाल, कौशल्या चुनियाल, सरस्वती जोशी समेत सैकड़ों ग्रामवासियों ने भागीदारी की।
