सुल्तानपुर : फोटो लेने से मना किया तो युवकों ने दारोगा को पीटा
सुल्तानपुर, अमृत विचार। बीरसिंहपुर पंचायत भवन में चल रहे राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय में गुरुवार को सुबह लगभग 11 बजे दवा लेने आए दो युवक पंचायत भवन की फोटो खींचने लगे। यहां सादी वर्दी में मौजूद चौकी इंचार्ज राजाराम यादव ने जब युवकों को फोटो खींचने से मना किया तो दोनों युवकों से दरोगा की बहस हो गई। युवकों ने अज्ञानता में ही चौकी इंचार्ज को पीट दिया। आसपास मौजूद लोगों ने दरोगा को पहचाना और युवकों से परिचय कराया। बाद में चौकी इंचार्ज राजाराम यादव ने इसकी सूचना कोतवाली समेत उच्चाधिकारियों को दी। तब तक यहां तैनात सिपाही भी पहुंच कर दोनों युवकों को पकड़कर पिटाई करते हुए एक कमरे में बैठा लिया।
सूचना पर जयसिंहपुर समेत आसपास थानों की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस दोनों युवकों को पकड़कर कोतवाली ले गई। जहां युवकों की पहचान कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी शिवम पुत्र नंदलाल व किसन सिंह पुत्र रंजीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया। एसडीएम ने जमानत दे दी।
कोतवाल प्रेमचंद्र सिंह ने बताया कि पंचायत भवन में ही चौकी बनाई गई है। पंचायत भवन में ही होम्योपैथिक अस्पताल भी चलता है। यहां दोनों युवक दवा लेने आये थे और बीडीओ बनाने लगे। शादी वर्दी में मौजूद दरोगा ने रोका तो पहचान न होने पर गलतफहमी में युवकों ने मारपीट कर ली। बाद में युवकों ने माफी मांग ली। इसलिए शांति भंग की कार्यवाही कर छोड़ दिया गया।
ये भी पढ़ें -संघर्ष : अतर्रा न्यायालय परिसर में एक घंटे तक जमकर चले लाठी-डंडे, अधिवक्ता और सपा नेता समेत 5 घायल
