गरमपानी: कंपकंपाती ठंड में सैलानियों को गर्मी का अहसास कराएंगे कुमाऊंनी व्यंजन

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

गरमपानी, अमृत विचार। नववर्ष का उत्सव मनाने पहाड़ पहुंचने वाले सैलानियों के लिए अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित कुमाऊं मंडल विकास निगम के विश्राम केंद्रों में पर्यटकों के स्वागत को कर्मचारी जुट गए हैं। खास बात यह है कि सैलानियों को कुमाऊंनी व्यंजनों की थाली परोसी जाएगी। प्रबंधक पारस सत्यवली के अनुसार पर्यटकों के लिए कुमाऊंनी व्यंजनों की विशेष थाली तैयार की जाएगी।

कुमाऊं व्यंजनों को सैलानियों तक पहुंचाने को हाइवे पर स्थित कुमाऊं मंडल विकास निगम के गरमपानी व काकड़ीघाट क्षेत्र में कोसी नदी के तट पर स्थित आवास केंद्रों में विशेष तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। नव वर्ष के उत्सव पर पहाड़ पहुंचने वाले पर्यटकों  का ध्यान खींचने को जहां केंद्रों को सजाया जा रहा है वहीं कंपकंपाती ठंड में सैलानियों को गरम तासीर वाले कुमाऊंनी भोजन वाली विशेष थाली उपलब्ध करा ठंड में गर्मी का एहसास कराया जाएगा।

गहत गडेरी की दाल, मडवे की रोटी, भांगे की चटनी के साथ ही लजीज भट्ट के डूबके व चुड़कानी विशेष थाली की शोभा बढ़ाएंगी। वहीं झूंगरे की स्वादिष्ट खीर भी सैलानियों को परोसी जाएगी। पौष्टिक आहार से लैस थाली में उपलब्ध व्यंजनों की विशेषता की जानकारी भी पर्यटकों को दी जाएगी ताकि सैलानी कुमाऊंनी व्यंजनों की खासियत से भी रुबरु हो सके।

गरमपानी व काकड़ीघाट स्थिति पर्यटन केंद्रों में ठंड में सैलानियों को उत्तराखंड के बागानों में तैयार चाय का भी स्वाद उपलब्ध कराया जाएगा। प्रबंधक पारस सत्यवली के अनुसार सैलानियों की आगवानी को विशेष तैयारियां की जा रही है। कुमाऊंनी व्यंजनों की विशेष थाली निश्चित ही सैलानियों को आकर्षित करेगी।

संबंधित समाचार