अयोध्या: पांच हजार की घूस लेते लेखपाल गिरफ्तार, कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमल दरामद के लिए मांगी थी रकम, पीड़ित ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन को दी थी शिकायत 

अयोध्या, अमृत विचार। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने शुक्रवार को चकबंदी लेखपाल को एक किसान से पांच हजार रुपये की घूस लेते समय गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चकबंदी लेखपाल के खिलाफ कैंट थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

इनायतनगर थाना क्षेत्र के मलेथु बुजुर्ग निवासी रघुवंश मणि त्रिपाठी ने 19 दिसंबर को भ्रष्टाचार निवारण संगठन विभाग में लिखित शिकायत दी थी।इसमें बताया था कि कलेक्ट्रेट स्थित सहायक चकबंदी कार्यालय मिल्कीपुर में तैनात लेखपाल राम नारायण की ओर से मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र स्थित मलेथू बुजुर्ग के चक संख्या 84 में अमल दरामद दर्ज करने के लिये पांच हजार रुपये सुविधा शुल्क मांगा जा रहा है। 

बिना सुविधा शुल्क लिए वह अमल दरामद करने को तैयार नहीं है। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने जिला प्रशासन से दो साक्षी मिलने के बाद शुक्रवार को कैमिकल लगवाकर सुविधा शुल्क के रूप में दिए जाने वाले 500 के 10 नोट कुल कीमत पांच हजार रूपये शिकायतकर्ता को दिये। कलेक्ट्रेट परिसर में चकबंदी लेखपाल को पीड़ित से सुविधा शुल्क लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। 

इसके बाद एंटी करप्शन की टीम उसे अपने साथ लेकर कैंट थाने चली गई। जहां मूल रूप से अम्बेडकरनगर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित नगपुर निवासी और वर्तमान में अयोध्या कोतवाली के साकेतपुरी कॉलोनी में निवास कर रहे आरोपी लेखपाल के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निरीक्षक राय साहेब द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत मिलने के बाद समस्त औपचारिकताओं को पूरा कर चकबंदी लेखपाल राम नारायण को विभाग की ट्रैप टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7,13 (1) (बी ) व 13 (2 ) के तहत रिपोर्ट दर्ज करवाई है। अग्रिम विधिक कार्रवाई कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें:-बहराइच में अनोखा शौचालय, एक ही कमरे में लगवा दिया चार सीट, ग्राम प्रधान और सचिव को नोटिस जारा

संबंधित समाचार