बरेली: बेहोशी की हालत में मिला युवक, इलाज के दौरान मौत
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। प्रेमिका के घर वालों द्वारा की गई कार्रवाई से परेशान युवक घर छोड़कर चला गया और कुछ दिन बाद सड़क के किनारे बेहोशी की हालत में मिला। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें, शीशगढ़ थाने के गांव बल्ली निवासी 25 वर्षीय अनिल पुत्र सुखलाल की बीती रात निजी अस्पताल में मौत हो गई। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के बहनोई उमाशंकर ने बताया कि अनिल अविवाहित था और मां रामरखी की अकेली संतान था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थीं, उसका मदनपुर निवासी एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहे था। 5 दिन पहले लड़की के घर वालों ने उसकी शिकायत पुलिस से कर दी, लेकिन पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
जब यह बात अनिल को पता चली तो वह घर छोड़कर चला गया और दो दिन पहले लोगों ने उसे सड़क के किनारे रामपुर के मिलक इलाके में बेहोशी की हालत में देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोन से उसकी बहन किरण को सूचना दी। बहनोई दीनदयाल और उमाशंकर को बताया जो मिलक पहुंचे और उसे इलाज के लिए बरेली ले आए। वहीं बीती रात एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक के परिवार वालों ने अनिल की मौत का जिम्मेदार उसकी प्रेमिका को ठहराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है।
