काशीपुर: खनन के रास्तों को लेकर फायरिंग, चार लोग घायल
काशीपुर, अमृत विचार। रविवार देर शाम करीब आठ बजे ग्राम अजीतपुर गांव के लोग ओवरलोड व अवैध खनन के वाहनों को रास्तो से गुजरने का विरोध करने के लिए गांव की गौशाला मोड़ पर टेंट लगाकर बैठे थे। इस दौरान कुछ खनन के वाहनों को उन्होंने रोका, तो खनन माफियाओं को यह नागवार गुजरा और उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी डंडों व अवैध तमंचो से उन युवकों पर हमला कर दिया। जिससे वहां भगदड़ मच गई।
बताया जा रहा है कि हमलावार करीब 100 से अधिक लोग थे। इस दौरान हमलावरों ने फायरिंग भी कर दी। गोली चलने से अजीतपुर गांव के चार युवक जितेंद्र सिंह, बलजीत सिंह, विक्रमजीत सिंह व बूटा सिंह घायल हो गए। जिसके बाद हमलावार वहां से भाग गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में लाया गया। जहां उनको उपचार दिया गया। उधर गंभीर रूप से घायल बूटा सिंह को मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना पर आनन-फानन में एएसपी अभय सिंह, सीओ वंदना वर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उधर पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। वही घायलों की तरफ से घटना की तहरीर भी पुलिस को सौंपी जा रही है। वहीं घटना की जानकारी पर मौके पर तुरंत भाजपा नेता राजेश कुमार व दीपक बाली भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस से हमलावरों की गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग की।
एएसपी काशीपुर अभय सिंह ने बताया कि अजीपुर व यूपी के घोसीपुरा गांव के खनन रास्तो को लेकर दोनो पक्षो में विवाद बताया जा रहा है। जिसको लेकर फायरिंग हुई है। जिसमें दो लोग घायल है। पुलिस ने जानकारी जुटाने के बाद हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। अभी मामले मे कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किये जाने की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे़ं- बाजपुर: कर्नाटक से पहुंची प्रेमी के लिए बाजपुर...की कोर्ट मैरिज, बोली हम हैं बालिग
