अंबेडकरनगर: पीडब्ल्यूडी जेई की लापरवाही से दो मजदूर झुलसे, हालत गंभीर
अंबेडकरनगर। जनपद के कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के मीठेपुर से देईपुर संपर्क मार्ग के नवीनीकरण का कार्य पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड की निगरानी में चल रहा था। जहां पर बीते दिवस सडक़ निर्माण में लगे मजदूर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्रीय जेई शहनवाज मौके पर वहां पर पहुंचे और सडक़ निर्माण की गुणवत्ता का जायजा ले रहे थे। तभी अचानक से सडक निर्माण में लगी मिक्सर मशीन के पास जेई शहनवाज गए जहां पर मशीन के आसपास काफी मजदूर काम कर रहे थे।
आरोप है कि जेई शहनवाज द्वारा अचानक मिक्सर मशीन का बर्नल तेज कर दिया गया। जिसके कारण दो मजदूर आग की चपेट में आ गए। जिसमें तिवारीपुर निवासी विजय गौड़ और मल्हीपुर निवासी अमित कन्नौजियां गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच जेई शहनवाज वहां से फरार हो गए।
सड़क निर्माण में कार्य कर रहे अन्य सहयोगी मजदूरों ने गंभीर रूप से झुलसे विजय और अमित को पास के उतरेठू बाजार में स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां पर भर्ती कराया। झुलसे हुए दोनों मजदूरों में विजय गौड़ की हालत गंभीर बनी हुई है। विजय का दोनों हाथ और मुंह बुरी तरीके से झुलस जाने के कारण वह असहाय हो गया है। वहीं अमित कन्नौजिया का चेहरा झुलस गया है और उसकी दाहिनी आंख में भी समस्या आ गई है। इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद भी विभागीय अधिकारी मौन धारण किए हुए हैं और मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस मामले पर जब जेई शहनवाज से बात की गई तो उन्होंने पूरे मामले से पल्ला झाड़ लिया। मामले में गंभीर रूप से घायल मजदूरों और उनके सहयोगियों पर ही वो उल्टा आरोप लगा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: देश भर में शिया मुस्लिमों को कांग्रेस से जोड़ने की मुहिम शुरू: नावेद
