काशीपुर: ग्रामीणों पर फायरिंग करने के मामले में 12 नामजद समेत पांच दर्जन लोगों के खिलाफ FIR
काशीपुर, अमृत विचार। आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम अजीतपुर में ग्रामीणों और खनन माफिया में खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर 12 लोगों को नामजद करते हुए पांच दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है। उच्चाधिकारियों के मुताबिक पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी है जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
पुलिस को दी तहरीर में ग्राम अजीतपुर दभौरा एहतमाली निवासी जितेन्द्र सिंह पुत्र रंजीत सिंह उर्फ राजेन्द्र सिंह ने बताया कि वह पिछले काफी समय से अवैध खनन के ओवरलोड डम्पर व वाहन के विरोध में आसपास के कई ग्रामवासी शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे थे।
बताया कि धरना-प्रदर्शन को लेकर नईम निवासी ग्राम परमानंदपुर काशीपुर व यासीन निवासी ग्राम घौसीपुरा रामपुर उत्तर प्रदेश व मुस्कीम पुत्र तौकीरा निवासी ग्राम घौसीपुरा गैस प्लांट के सामने रामपुर जिला रामपुर उत्तर प्रदेश पिछले कई दिनों से दिनों से धमकी दे रहे थे कि हम लोगों के डम्पर इसी क्षेत्र से निकलते हैं उन्होंने धरना बन्द करने को जान से मारने की धमकी दी थी।
तहरीर में बताया कि रविवार रात्रि करीब शाम 7 बजे जब वह व ग्राम प्रधान हरमन सिंह, सहजदीप सिंह, जितेन्द्र सिंह, गुरमीत सिंह, गुलाब सिंह, गुरप्रीत सिंह, दलवीर सिंह, विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की सिंह पुत्र हरनाम सिंह, बलजीत सिंह पुत्र सुच्चा सिंह, जितेन्द्र सिंह पुत्र रंजीत सिंह उर्फ राजेन्द्र सिंह व गुरबूटा सिंह उर्फ बूटा सिंह पुत्र बलकार सिंह निवासीगण ग्राम अजीतपुर दभौरा एहतमाली व अन्य कई लोग धरना स्थल गौशाला मोड दभौरा एहतमाली पर सड़क के किनारे टेन्ट लगाकर बैठे थे तभी एक अज्ञात डम्पर बड़ी तेजी से धरना स्थल के लोगों को रौंदने का प्रयास करते हुए धरना स्थल में घुस गया जहां से उक्त सभी लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
उसके उपरान्त नईम निवासी ग्राम परमानन्दपुर, यासीन, मुस्तकीम तौकीरा, अकरम पहलवान पुत्र अमीर, सलमान, हुसैन पुत्र अमीर, नजाकत, शहादत पुत्र सब्बीर, अजीम व रिजवान पुत्र सलीम, शादाब निवासीगण ग्राम घौसीपुरा पट्टी कला रामपुर जिला रामपुर ने अपने 50-60 अन्य लोगों के साथ जो कारों व मोटर साईकिलों से आये और अकरम हुसैन व नईम बोले की आज इन पूरे गांव वालो को गोलियों से भून डालो क्योंकि यह हमारे अवैध खनन के डम्पर निकालने मे रोड़ा है, आज रोडा ही काट देगें।
इसके बाद उक्त सभी लोगों ने अन्धाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। वहां से हम सभी लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई परन्तु फिर भी विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की, बलजीत सिंह, जितेन्द्र सिंह को गोली के छर्रे लगे जिसमें यह लोग घायल हो गये और उसके बाद गुरबूटा सिंह उर्फ बूटा को पकड़कर उसके सिर पर पाटल से हत्या करने की नियत से हमला कर दिया जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गये फिर उसके बाद यह लोग धमकी दे गये कि यदि कल से धरना दिया तो पूरे गांव को आग लगा देगें।
उक्त लोगो ने गाड़ी संख्या यूके18सी-1129 को बूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया कि घटना में घायल विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की पुत्र हरनाम सिंह, बलजीत सिंह पुत्र सुच्चा सिंह, जितेन्द्र सिंह पुत्र रंजीत सिंह उर्फ राजेन्द्र सिंह निवासीगण ग्राम अजीतपुर दभौरा एहतमाली को एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय मे भर्ती कराया गया जहां इनका ईलाज चल रहा है तथा गुरबूटा सिंह उर्फ बूटा पुत्र स्व बलकार सिंह के सिर के काफी चोटें आईं हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है तथा इनका ईलाज मुरादाबाद रोड स्थित एक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 12 लोगों को नामजद करते हुए पांच दर्जन से भी अधिक लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
