Unnao Crime: नहर की बंबी में पड़ा मिला मिस्त्री का शव, परिजनों को हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
उन्नाव में नहर की बंबी में मिस्त्री का शव पड़ा मिला।
उन्नाव अंतर्गत सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के पास नहर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान करने का प्रयास किया।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव अंतर्गत सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के पास नहर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान करने का प्रयास किया। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
सफीपुर मियागंज मार्ग बृजपाल पुर गांव के समीप ग्रामीणों ने नहर में संदिग्ध अवस्था में एक शव पड़ा देखा। जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। इसके बाद शव को नहर से बाहर निकलवाया और आसपास के लोगों को बुलाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया।
मृतक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के हमजापुर गांव निवासी 35 वर्षीय विनोद पुत्र राम जीवन के रूप में हुयी। पुलिस ने मृतक के परिजनो को सूचना दी है। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनो ने बताया कि युवक रविवार सुबह दस बजे अलीगंज गांव स्लैप डालने को बात कहकर निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचा।
जिसकी खोजबीन की जा रही थी लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। जिसके बाद सोमवार को उसका शव नहर में पड़ा देखा गया। कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Unnao News: छुट्टी पर आये आरपीएफ दरोगा की मौत, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम, उड़ीसा में थी तैनाती
