पीलीभीत: 'हर घर दीपक जले...अयोध्या जैसा सजे', घर-घर अक्षत और निमंत्रण लेकर एक जनवरी से पहुंचेगी टोली
पीलीभीत, अमृत विचार: विश्व हिंदू परिषद श्रीराम तीर्थ स्थल कमेटी की ओर से सोमवार को गांधी प्रेक्षागृह में श्रीरामलला प्रतिष्ठा सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें मेरी पीलीभीत मेरी अयोध्या, हर घर दीपक जले अयोध्या जैसा सजे का नारा दिया गया। मुख्य वक्ता प्रांतीय संगठन मंत्री विश्व हिन्दू परिषद राजेश जबकि मंच पर जिला प्रचारक दुष्यंत कुमार,जिला कार्यवाह डालचंद वर्मा, जिला सह संघचालक डॉ देवकीनंदन शर्मा रहे। संचालन नगर सह कार्यवाह अरविन्द शर्मा ने किया।
मुख्य वक्ता ने कहा कि आज पूरा भारत राममय हो रहा है। प्रभु श्री राम टेंट से निकलकर अपने मुख्य घर में प्रवेश करने जा रहे हैं। हम इस ऐतिहासिक और भव्यता के दिव्य दर्शन करने के साक्षी बनेंगे। राम भक्तों की टोली आपके द्वार एक जनवरी से 15 जनवरी तक आएगी। जिस प्रकार श्री राम जन्मभूमि के लिए चंद्र एकत्र किया गया था उसी प्रकार अयोध्या से चलकर अक्षत और निमंत्रण पत्र आपके द्वारा हर गांव,गली मोहल्ले और बस्तियों में पहुंचेगा। जो राम भक्तों की टोली आपके द्वार आए उनका सम्मानपूर्वक आग्रह स्वीकार कर अपने घर और आसपास के मंदिरों को सजायें।
उत्साह के साथ परिवार सहित होली दिवाली के रूप में इसे भी मनाएं। घरों पर 11 या उससे अधिक दीप जलाएं,मंदिरों पर कम से कम पांच दीप जलायें। एक साथ मिलकर इस भव्य कार्यक्रम को हर घर तक जाना है और अयोध्या से आये अक्षत और निमंत्रण पत्र देना है।इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, पूर्व सांसद बलराज पासी,
पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत,नगर पालिका चेयरमैन डॉ.आस्था अग्रवाल, संतोख सिंह, विश्व हिन्दू परिषद जिला संगठन मंत्री प्रिंस गौड़, जिला उपाध्यक्ष जगदीश सक्सेना,नगर प्रचारक सोहनवीर, दुर्गा वाहिनी की परमजीत कौर,जिला मीडिया प्रभारी स्वतंत्र देवल, दिनेश पटेल, रेखा सिंह परिहार, अर्जुन सिंह टहलानी, संजीव कुमार, रामानुज अवस्थी,यशवंत सिंह, अंकुर अग्रवाल,मनोज मिश्रा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: बीता साल, नहीं हो सका शहर के गांधी स्टेडियम का उद्धार
