Year Ender 2023 : साल 2023 में दिल्ली के स्कूलों ने हासिल किए कई अहम मुकाम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। दिल्ली के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों ने वर्ष 2023 में कई अहम मुकाम हासिल किए। यहां पढ़ने वाले 32 छात्रों ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) परीक्षा में सफलता हासिल की और यहां के छात्रों के नेतृत्व में 100 से अधिक स्टार्टअप ने इस साल 'बिजनेस ब्लास्टर्स इन्वेस्टमेंट एक्सपो' में निवेशकों के सामने व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किए। हालांकि, दीपावली के बाद राष्ट्रीय राजधानी की बिगड़ती वायु गुणवत्ता ने छात्रों के लिए भी चुनौतियां खड़ी कर दीं। 

यहां खराब हवा के कारण अचानक 10 दिन के लिए शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए। दिल्ली सरकार द्वारा संचालित स्कूलों ने भी 2023 में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यहां के सरकारी स्कूलों में हिंसाग्रस्त मणिपुर के 150 से अधिक छात्रों ने दाखिला लिया। दिल्ली सरकार के शहीद भगत सिंह सशस्त्र बल प्रिपरेटरी स्कूल (एएफपीएस) ने 27 सितंबर को एक बड़ी उपलब्धि हासिल, क्योंकि यहां की नौ लड़कियों सहित 32 छात्रों ने एनडीए परीक्षा उत्तीर्ण की, जो देश में सबसे अधिक है। 

इस स्कूल में कुल 237 छात्र पढ़ते हैं और यहां बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले 76 छात्र एनडीए परीक्षा में शामिल हुए थे। पिछले साल आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा स्थापित यह स्कूल सशस्त्र बल अधिकारी बनने के लिए छात्रों के समग्र विकास पर केंद्रित है। इसके अलावा, शहर के सरकारी स्कूलों के ‘बिजनेस ब्लास्टर्स’ कार्यक्रम ने अप्रैल में एक अहम मुकाम हासिल किया। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने घोषणा की कि जिन छात्रों को परियोजना के निवेश एक्सपो के लिए चुना गया था, वे राजधानी स्थित शीर्ष विश्वद्यालयों में सीधे प्रवेश के लिए पात्र होंगे। 

इस वर्ष दिल्ली सरकार के ‘बिजनेस ब्लास्टर्स इन्वेस्टमेंट समिट’ और एक्सपो में प्रतिस्पर्धा करने वाले छात्रों की दो लाख से अधिक प्रविष्टियों में से लगभग 100 स्टार्टअप का चयन किया गया था। दिल्ली में खराब वायु गुणवत्ता के कारण छुट्टी की घोषणा की गई थी। हालांकि जिन कक्षाओं को निलंबित किया गया था, उन्हें शीतकालीन अवकाश के हिस्से के रूप में गिना गया था। राष्ट्रीय राजधानी में आमतौर पर एक जनवरी से शुरू होने वाले 15 दिवसीय शीतकालीन अवकाश में सात दिन की कटौती की गई। दिल्ली सरकार के स्कूलों ने भी मणिपुर के छात्रों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया, जो जातीय संघर्ष के कारण वहां से विस्थापित होकर राष्ट्रीय राजधानी आ गए। पिछले एक साल में पूर्वोत्तर राज्य के लगभग 150 छात्रों ने दिल्ली के स्कूलों में प्रवेश लिया। 

ये भी पढ़ें- अलविदा 2023: छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत, ईडी की कार्रवाई और नक्सली हमले का गवाह रहा 2023 

संबंधित समाचार