हरदोई में 12 लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कई जिलों तक फैला है नेटवर्क
हरदोई, अमृत विचार। पुलिस ने एसओजी/स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ बावन रोड पर नाकाबंदी कर बोलेरो सवार दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक किलो 16 ग्राम अफीम जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में 12 लाख रुपये बताई जा रही है,बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
बताया गया है कि मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से पता चला कि बावन की तरफ से आ रही बोलेरो गाड़ी पर कुछ संदिग्ध लोग सवार है। जिस पर एसएचओ कोतवाली शहर संजय पाण्डेय के अलावा एसओजी/स्वाट टीम प्रभारी ब्रजेश मिश्रा और सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष सिंह ने अपनी-अपनी टीम के साथ बावन रोड पर मम्मरपुर गांव की मोड़ पर नाकाबंदी कर दी। पुलिस टीम को देख कर बावन की तरफ से आ रही बोलेरो के ड्राइवर ने गाड़ी मम्मरपुर गांव की तरफ मोड़ दी। जिस पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
गाड़ी पर सवार दो लोगों ने अपने-अपने नाम सुनील कुमार पुत्र रामलखन निवासी उदयपुर पाली और तेजराम पुत्र सुर्जन निवासी जम्हौरा पाली बताया। उनके पास से एक किलो 16 ग्राम अफीम बरामद हुई। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में 12 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज़िलों में करते थे तस्करी
पुलिस की पकड़ में आए सुनील और तेजराम ने बताया कि वे पड़ोसी ज़िलों में अफीम की तस्करी करते थे। पूछताछ में पुलिस को और भी कई अहम सुराग़ मिले हैं,जिन पर गहराई से छानबीन की जा रही है।
ये भी पढ़ें -अग्निवीर भर्ती : अमेठी और अयोध्या के युवाओं ने सेना भर्ती में दिखाया दम
