अमरोहा: तांगे से टकराई बाइक, भाई की मौत...बहन गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। जनपद के रजबपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बाइक की तांगे से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में भाई ने निजी चिकित्सक के यहां उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। जिसके बाद परिजनों ने छात्र के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया।

थाना रजबपुर क्षेत्र के गांव पीरगढ़ निवासी निसार अहमद के परिवार में पत्नी जस्मीन के अलावा दो बेटे व एक बेटी है। बड़ा बेटा अनस केरल में एक सैलून में नौकरी करता है। जबकि छोटा बेटा अर्श निजी स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। मंगलवार शाम छात्र अर्श अपनी बहन शमा के साथ बाइक से आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए क्षेत्र के गांव चांदनगर जा रहा था।

 रास्ते में उनकी बाइक की सामने से आ रहे तांगे से टक्कर हो गई। हादसे में भाई-बहन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर एकत्र ग्रामीण आनन-फानन दोनों को निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने अर्श को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। हालांकि परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया और शव लेकर घर चले गए। बुधवार को परिजनों ने छात्र को नम आंखों के साथ सुपुर्दे खाक कर दिया। छात्र की मौत उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं घायल बहन की हालत में नाजुक बनी हुई।

सांड़ से टकराई बाइक, युवक घायल
हसनपुर : बाइक के सांड़ से टकराने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव निरयावली खादर निवासी सुरेंद्र पुत्र जोगिंदर कोतवाली क्षेत्र के गांव वाईखेड़ा स्थित अपनी ननिहाल में आया था। मंगलवार शाम सुरेंद्र बाइक से अपने घर को जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक गांव बुरावली के निकट फरोटा लिंक मार्ग पर पहुंची तो अचानक सांड़ ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने घायल को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : जामिया मिल्लिया इस्लामिया में डीन बने प्रो. इक्तेदार मोहम्मद खां

संबंधित समाचार