पीलीभीत: महिला सुरक्षा के दावे, दिनदहाड़े छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश, विरोध पर कर दिया लहूलुहान
पीलीभीत/बीसलपुर, अमृत विचार। युवती के कमरे में घुसकर एक शोहदे ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर डंडे से वार कर घायल कर दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली में दी गई तहरीर में एक युवती ने बताया कि वह पढ़ाई करने के लिए बीसलपुर में कमरा लेकर रहती है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे सिमरा गांव का रहने वाला शैलेंद्र उसके कमरे में घुस आया। पीड़िता को पकड़कर अश्लील हरकत करने लगा। दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर डंडे से सिर में वार करके घायल कर दिया।
धमकी दी गई कि अगर उसकी शिकायत की गई तो उसके माता-पिता व अन्य परिवार वालों को जान से मार देगा। शोर पर आसपास के लोग जमा हो गए। इस पर आरोपी धमकाते हुए भाग गया। लहूलुहान हालत में कोतवाली पहुंचकर युवती ने शिकायत की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। युवती को सीएचसी भर्ती कराया गया है। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
