उम्मीदः खत्म होगा इंतजार, नए साल में मिलेगा स्टेडियम का तोहफा
2020 से स्टेडियम के पुनरुद्धार कार्य के चलते बंद है खेल गतिविधियां
सुल्तानपुर, अमृत विचार। नया साल खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर लेकर आ रहा है। कोरोना काल और फिर शुरू हुआ इकलौते पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम के जीर्णोद्धार कार्य के चलते करीब चार साल से ठप पड़ी खेल गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है। स्टेडियम लगभग बनकर तैयार हो गया है। मुख्य ग्राउंड में लगी घास माह भर में तैयार हो जाएगी तो वहां पर अभ्यास और प्रतियोगिताएं शुरू हो जाएंगी।
खिलाड़ियों के लिए जिले में शहर के बीचोबीच इकलौता पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थापित हैं। कोविड काल के दौरान खेल बंद था। फिर जून 2020 से पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में करीब पांच करोड़ रुपये से जीर्णाेद्धार कार्य की स्वीकृति मिली कि खिलाड़ियों के लिए ग्रहण लग गया। निदेशायल से यहां कोच नहीं भेजे गए। हालांकि, अब जीर्णोद्धार कार्य का लागत रिवाइज इस्टीमेट में बढ़कर अब 6.36 करोड़ रुपये हो गया हैं। कार्यदायी संस्था सिडको की लेट लतीफी से खिलाड़ियों को तीन साल तक ग्राउंड का इंतजार करना पड़ा। इस बीच कई खिलाड़ी अपने भविष्य को देखते हुए अन्य जनपदों की ओर रूख कर लिए।
कराया गया यह कार्य
पंत स्टेडियम में भारी भरकम बजट से 12 फिट ऊंची पूरी बाउंड्रीवाल, तरणताल, बैडमिंटन हाल, पवेलियन भवन का नवीनीकरण, हैंडबाल ग्राउंड, मुख्य ग्राउंड समतलीकरण, स्प्रींगकलर, घास आदि का काम कराया गया है। हैंडबाल ग्राउंड में जाली लगवाने समेत कुछ छोटे-छोटे कार्य अभी बचे हैं। जो तेजी से पूरा कराया जा रहा है।
इन गेम के मिल चुके हैं कोच
तैराकी प्रशिक्षक के तौर पर खुद जिला क्रीड़ाधिकारी सर्वेंद्र सिंह चौहान है। इसके अलावा टीटी में समा बानो, हैंडबाल में प्रवीण मिश्र, वालीबाल में प्रदीप यादव, बाक्सिंग में शुभेंद्र यादव, कुश्ती में मारुति नंदन राय व फुटबाल में आशुतोष कुमार की तैनाती खेल निदेशायल से की गई है। ये सभी प्रशिक्षक एनआईएस है। जो विद्यालयों में जाकर खिलाड़ियों से संपर्क कर रहे हैं और स्टेडियम में उनका पंजीयन करा रहे हैं। जल्द ही इन गेम के खिलाड़ी ग्राउंड में कैंप करते दिखेंगे। साथ ही अन्य गेम के लिए भी खेल प्रशासन की ओर से कोच की मांग खेल निदेशायल उप्र से की गई है।
कई बार की गई लिखा पढ़ीः ओलंपिक संघ
जिला ओलंपिक संघ के जिला उपाध्यक्ष रामेंद्र सिंह राणा ने कहा कि वालीबाल, कुश्ती समेत कई खेलों में अच्छे खिलाड़ी थे। कई साल से स्टेडियम में अभ्यास बंद होने से वे पलायन कर गए। कच्छप गति से चल रहे निर्माण कार्य को लेकर कई बार लिखा पढ़ी की गई। हालांकि, नए क्रीड़ाधिकारी आते ही संघ की मांग पर कार्य तेज कराने पर फोकस किया है। यदि जल्द ही खेल गतिविधियां शुरू होती है तो संघ विभाग का पूरा सहयोग करेगा
वर्जन ...
मैनें आते ही कार्यदायी संस्था पर दबाव बनाकर सबसे पहले जीर्णोद्धार कार्य को पूरा कराने पर फोकस किया। छह माह में ज्यादातार कार्य पूर्ण हो गए हैं। मुख्य ग्राउंड में घास लगा दी गई है। एक माह में खेल गतिविधियां शुरू करा देंगे। इसके अलावा इंडोर गेम का अभ्यास चल रहा है।
- सर्वेंद्र सिंह चौहान, जिला क्रीड़ाधिकारी
ये भी पढ़ें -अमेठी में सपा प्रवक्ता गिरफ्तार, कोर्ट ने जारी किया था एनबीडब्ल्यू
